छात्रा के रोल नम्बर के साथ लिखी गाली, जबलपुर में रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के एग्जाम पोर्टल में गड़बड़ी

छात्रा के रोल नम्बर के साथ लिखी गाली, जबलपुर में रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के एग्जाम पोर्टल में गड़बड़ी

प्रेषित समय :15:00:41 PM / Wed, Jul 29th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर में रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय के परीक्षा पोर्टल पर एक छात्रा का परीक्षा फॉर्म खोलते ही उसके रोल नंबर के साथ अश्लील और अभद्र शब्द दिखाई दिए. छात्रा ने दोबारा पोर्टल खोलकर जानकारी जांची, लेकिन हर बार वही आपत्तिजनक शब्द नजर आए.

इस घटना को लेकर परीक्षा नियंत्रक से शिकायत की गई है, यह मामला बीफार्मा (सीबीसीएस) आठवें सेमेस्टर की एक छात्रा से जुड़ा है. छात्रा जून 2026 की नियमित परीक्षा का आवेदन भर रही थी. पोर्टल पर नाम, पता और रोल नंबर के साथ अश्लील शब्द दर्ज मिले. उसने इस बात जानकारी साथियों, विभाग और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं को दी. छात्रा का कहना है कि सिर्फ मौजूदा सेमेस्टर ही नहीं, पहले के सात सेमेस्टर की जानकारी में भी यही गड़बड़ी दिखाई दे रही है. घटना के बाद विश्वविद्यालय के परीक्षा पोर्टल की सुरक्षा पर सवाल उठे हैं.

आशंका है कि डेटाबेस से छेड़छाड़, हैकिंग या किसी तकनीकी गड़बड़ी के कारण ऐसा हुआ हो. हालांकि अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है.  परीक्षा नियंत्रक सुनील दुबे ने कहा कि विश्वविद्यालय के मुख्य डेटाबेस से किसी तरह की छेड़छाड़ नहीं हुई है. शुरुआती आशंका है कि किसी शरारती तत्व ने छात्रा का इनरोलमेंट नंबर लेकर आवेदन फॉर्म में आपत्तिजनक शब्द दर्ज किए हों. मामले की जांच कराई जा रही है. इस मामले को लेकर एनएसयूआई ने घटना पर कड़ा विरोध जताते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया है. जिलाध्यक्ष सचिन रजक ने कहा कि अगर एक छात्रा के साथ ऐसा हो सकता है तो अन्य छात्रों के परीक्षा फॉर्म में भी ऐसी गड़बडिय़ां हो सकती हैं. उन्होंने चेतावनी दी कि दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो छात्र संगठन आंदोलन करेगा.
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-