जबलपुर के होटल में कॉलोनीवासियों का हंगामा, बोले, ओयो बुकिंग की आड़ में चल रहा देह व्यापार

जबलपुर के होटल में कॉलोनीवासियों का हंगामा, बोले, ओयो बुकिंग की आड़ में चल रहा देह व्यापार

प्रेषित समय :02:52:06 AM / Wed, Jul 29th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर। एमपी के जबलपुर में धनवतंरी नगर स्थित होटल सिटी मैक्स में बुकिंग की आड़ में देह व्यापार संचालित होने के आरोप को लेकर स्थानीय लोगों ने जमकर हंगामा किया। लोगों का कहना था कि कलेक्टर, एसपी, सीएसपी और संबंधित थाने में कई बार शिकायत करने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। इससे नाराज रहवासियों ने होटल का घेराव कर वहां मौजूद युवक-युवतियों को बाहर निकालना शुरू कर दिया।
                                 कालोनीवासियों का आरोप था कि मंदिर के पीछे स्थित होटल में अवैध गतिविधियां लंबे समय से चल रही हैं। उनके अनुसार सुबह 8 बजे से रात 12 बजे तक युवक-युवतियों का वाहनों से आना-जाना लगा रहता है। कई बार होटल के बाहर इतनी भीड़ रहती है कि महिलाओं और बच्चों को वहां से निकलने में असहजता महसूस होती है। मामले में स्थानीय लोगों ने होटल की आड़ में देह व्यापार संचालित होने का आरोप लगाया है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना के बाद एसपी ने मामले की जांच कराने और जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। रहवासियों ने यह सवाल भी उठाया कि रिहायशी कॉलोनी में नगर निगम ने होटल संचालन की अनुमति कैसे दी। उनका कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई और होटल बंद नहीं कराया गया तो वे आंदोलन तेज करेंगे। कुछ प्रदर्शनकारियों ने आक्रोश में कानून हाथ में लेने जैसी चेतावनी भी दी। 
महिलाओं का आरोप- बच्चों पर पड़ रहा गलत असर-
स्थानीय निवासी रजनी ने आरोप लगाया कि लालाबाबा मंदिर से सटे इस होटल में दिन-रात आपत्तिजनक गतिविधियां होती हैं। उनका दावा है कि कई बार युवक-युवतियों को आपत्तिजनक अवस्था में देखा गया, जिससे आसपास रहने वाले बच्चों और परिवारों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने होटल को तत्काल बंद कराने की मांग की। 
विरोध में पहुंचे बजरंग दल के कार्यकर्ता-
होटल में कथित अवैध गतिविधियां संचालित होने की जानकारी मिलने पर बजरंग दल के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने स्थानीय लोगों के साथ प्रदर्शन करते हुए होटल को तत्काल बंद कराने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने होटल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज पुलिस अधिकारियों को सौंपते हुए निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की। 
एसपी ने कहा, जांच कर दोषियों पर की जाएगी कार्यवाही-
 एसपी संपत उपाध्याय ने स्थानीय लोगों की शिकायत और सामने आए वीडियो को गंभीरता से लेने की बात कही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। यदि जांच में होटल संचालक या किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने यह भी कहा कि यदि जांच में किसी पुलिसकर्मी की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-