जबलपुर. एमपी के जबलपुर में संजीवनी क्षेत्र में साइबर ठगी का एक मामला सामने आया है. गूगल पर डॉक्टर का नंबर खोजना एक महिला को महंगा पड़ गया. ठगों ने ऑनलाइन फॉर्म भरने के बहाने 45 वर्षीय वर्षा जैन के बैंक खाते से 99 हजार रुपए निकाल लिए.
राजुल सिटी निवासी वर्षा जैन कॉस्मेटिक्स की दुकान चलाती हैं. उनका बैंक ऑफ इंडिया की लेबर चौक शाखा में खाता है. बीते 17 जुलाई को उन्होंने अपने मोबाइल से डॉक्टर अजय सेठ का नंबर गूगल पर खोजा. इस नंबर पर कॉल करने के बाद ठगों ने उन्हें अपने झांसे में लेना शुरू कर दिया. कॉल के दौरान अज्ञात व्यक्ति ने वर्षा जैन से ऑनलाइन फॉर्म भरने को कहा और उनके व्हाट्सएप पर एक संदिग्ध लिंक भेज दी.
महिला ने जैसे ही उस लिंक को ओपन कर अपने बेटे का नाम, उम्र और मोबाइल नंबर भरकर फॉर्म सबमिट किया, ठगों को उनके फोन का एक्सेस मिल गया. इसके कुछ ही दिनों बाद 22 जुलाई की रात लगभग 8.16 बजे से 9.27 बजे के बीच उनके बैंक खाते से छह अलग-अलग किस्तों में कुल 99,000 रुपए अज्ञात खातों में ट्रांसफर कर लिए गए. महिला को देर रात ट्रांजैक्शन के मैसेज आने पर ठगी का अहसास हुआ.
ठगी का शिकार होने के बाद पीडि़त महिला ने तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर पर और साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के आधार पर साइबर सेल भोपाल ने मामले की ऑनलाइन जीरो एफआईआर दर्ज की. साइबर सेल भोपाल से जीरो एफआईआर प्राप्त होने के बाद थाना संजीवनी नगर में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है. पुलिस ने मामले को विवेचना में लेते हुए संदिग्ध बैंक खातों और मोबाइल नंबरों की ट्रेसिंग शुरू कर दी है.

