जबलपुर में शोहराब ने सौरभ बनकर महिला आरक्षक के साथ किया रेप, पढ़वाया कलमा, रखवाए रोजे, गर्भवती होने पर छोड़ दिया

जबलपुर में शोहराब ने सौरभ बनकर महिला आरक्षक के साथ किया रेप, पढ़वाया कलमा, रखवाए रोजे, गर्भवती होने पर छोड़ दिया

प्रेषित समय :16:11:55 PM / Thu, Jul 30th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर में सनसनीखेज मामला सामने आया है, यहां पर शोहराब नामक युवक ने सौरभ बनकर महिला आरक्षक से दोस्ती की, फिर शादी का वादा कर रेप किया. जब गर्भवती हुई तो बच्चे को अपना मानने से इंकार कर दिया.  महिला ने हिन्दू संगठन के कार्यकर्ताओं के साथ एसपी ऑफिस पहुंचकर पुलिस अधिकारियों से शिकायत की है. आरक्षक का कहना है कि मैं डीएनए जांच कराने को तैयार हूं, उसका भी डीएनए टेस्ट होना चाहिए. उसने मेरी जिंदगी बर्बाद कर दी है, उसे कड़ी सजा मिलनी चाहिए.

एसपी ऑफिस पहुंची महिला आरक्षक ने लिखित शिकायत करते हुए कहा कि वह एमपी पुलिस में पदस्थ एक महिला आरक्षक के पद पर पदस्थ है. महिला ने जबलपुर के मक्का नगर निवासी अधिवक्ता शोहराब शेख अख्तर उर्फ सौरभ और उसके परिजनों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए गुरुवार को एसपी ऑफिस में शिकायत दर्ज कराई है. पीडि़ता की शिकायत के बाद सिविल लाइन थाने में आरोपी पर केस दर्ज किया गया है. महिला आरक्षक ने बताया कि साल 2024 में उनकी कोर्ट में ड्यूटी लगती थी. इसी दौरान उनकी मुलाकात जबलपुर के मक्का नगर निवासी अधिवक्ता शोहरब शेख से हुई.

महिला का आरोप है कि उसने अपना नाम सौरभ सिंह राजपूत बताकर पहचान बढ़ाई. कोर्ट में लगातार मुलाकातों के बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और करीब छह महीने में दोस्ती प्रेम संबंध में बदल गई. महिला का कहना है कि वह कई बार आरोपी के घर भी गई, लेकिन वहां उसे कहीं से भी यह आभास नहीं हुआ कि वह मुस्लिम है. करीब एक साल पहले आरोपी ने शादी का प्रस्ताव रखा और कहा कि उसके परिवार की भी इस रिश्ते के लिए सहमति है. महिला ने उसे पहले ही बता दिया था कि वह तलाकशुदा है और उसके दो बच्चे हैं. इसके बावजूद आरोपी ने शादी करने की सहमति जताई और भरोसा दिलाया कि उसे इससे कोई आपत्ति नहीं है.

वकील की यूनीफार्म में आता था घर-

महिला आरक्षक का आरोप है कि आरोपी जब भी उसके घर आता था, वकील की यूनिफॉर्म पहनकर आता था. इससे परिवार को भी उस पर भरोसा हो गया और सभी इस रिश्ते के लिए तैयार हो गए. लेकिन अगस्त 2025 में इंस्टाग्राम के जरिए उसे पता चला कि जिसे वह अब तक सौरभ सिंह राजपूत समझती थी, उसका असली नाम शोहरब शेख है और उसकी पहले से शादी हो चुकी है. महिला का कहना है कि सच्चाई सामने आने के बाद जब वह विरोध जताने आरोपी के घर पहुंची तो उसके साथ मारपीट की गई.

पीडि़ता ने बताया कि वह अपने पति से तलाक लेकर दो बच्चों के साथ रह रही थी और आरोपी को इसकी पूरी जानकारी थी. इसी का फायदा उठाते हुए उसने शादी का भरोसा दिलाया. महिला के मुताबिक, आरोपी ने यह कहकर उसे एक बच्चे की कस्टडी छोडऩे के लिए भी तैयार किया कि सरकारी नौकरी में दो से अधिक बच्चों को लेकर दिक्कत हो सकती है. इसके बाद उसके नाम से कोर्ट में प्रकरण दायर कराया गया और एक बच्चे की अभिरक्षा उसके पूर्व पति को दिला दी गई.

कलमा पढ़वाया, रोजे रखवाए; शादी का झांसा देकर बनाए संबंध

आज एसपी कार्यालय पहुंची महिला आरक्षक ने शिकायत में आरोप लगाया कि आरोपी ने शादी का वादा कर कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया. बाद में जब उसे पता चला कि आरोपी हिंदू नहीं बल्कि मुस्लिम है, तब तक दोनों के बीच रिश्ता आगे बढ़ चुका था. महिला का कहना है कि वह शादी के लिए भी तैयार थी, लेकिन आरोपी शोहरब हर बार कोई न कोई बहाना बनाकर शादी टालता रहा.

महिला के अनुसार, जब उसने शादी का दबाव बनाया तो आरोपी उसे अपने घर ले गया. वहां उससे कलमा पढ़वाया गया, रोजे रखवाए गए और आरोप है कि उसे गोमांस भी खिलाया गया. महिला का कहना है कि इसके बाद भी आरोपी ने शादी नहीं की और अब उससे दूरी बना ली. महिला का आरोप है कि शोहरब ने शादी का झांसा देकर रेप किया, गर्भवती किया और अब गर्भपात करवाने का दवाब बना रहा है. आरोप है कि वो कई और लड़कियों के संपर्क में है, और उन्हें भी धोखा दे रहा है. जबलपुर के पनागर और कोर्ट में एक वकील, जिसकी बेटी भी अधिवक्ता है, उनसे भी दोस्ती कर धोखा दे रहा है.

धर्म सेना ने दी चेतावनी-

पीडि़त महिला के साथ जबलपुर एसपी ऑफिस पहुंचे धर्म सेना के कार्यकर्ताओं का कहना था कि एक हिंदू महिला को धोखा देते हुए ना सिर्फ उसकी अस्पत लूटी, बल्कि लव जिहाद किया. संगठन के कार्यकर्ताओं का कहना है कि अगर जल्द से जल्द आरोपी युवक पर एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार नहीं किया जाता, तो कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर हो जाएंगे.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-