जबलपुर. सिहोरा के खितौला के वार्ड क्रमांक 18 स्थित श्मशान घाट के पास बुधवार देर रात एक दंपति पर हमला किया गया. इस हमले में 62 वर्षीय कृष्णा बाई बर्मन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके 70 वर्षीय पति चम्मू बर्मन गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है.
पुलिस के अनुसार चम्मू बर्मन और उनकी पत्नी कृष्णा बाई पिछले 8 से 10 वर्षों से श्मशान घाट के पास एक टपरिया बनाकर रह रहे थे. देर रात अज्ञात हमलावरों ने कृष्णा बाई के सिर और चेहरे पर चीप (फर्शी) के टुकड़े से हमला किया, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई. वहीं, दृष्टिबाधित चम्मू बर्मन के सिर और चेहरे पर भी पत्थर से हमला किया गया. मृतका के भाई सुरेश बर्मन ने बताया कि गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे जब वह टपरिया पहुंचे, तो उनकी बहन खून से लथपथ मृत अवस्था में पड़ी थीं, जबकि उनके जीजा चम्मू बर्मन घायल अवस्था में तड़प रहे थे.
सुरेश बर्मन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने कृष्णा बाई को मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने इस मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है. घटना के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है और पुलिस सभी संभावित पहलुओं से जांच कर रही है. खितौला थाना प्रभारी चंद्रकांत झा ने बताया श्मशान घाट के पास एक महिला की सिर पर चीप से हमला कर हत्या कर दी गई है. उनके पति के सिर पर भी गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज जबलपुर भेजा गया है. फिलहाल हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

