जामनगर. गुजरात के जामनगर से एक ऐसा सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है, जिसकी तुलना फिल्म दृश्यम जैसी कहानी से की जा रही है. करीब दो वर्षों तक एक महिला अपने पति के ऑस्ट्रेलिया में नौकरी करने का झूठ बोलकर परिवार और रिश्तेदारों को गुमराह करती रही, जबकि उसका शव शहर की एक फैक्ट्री के फर्श के नीचे दफन था. पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए पत्नी, उसके कथित प्रेमी और एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान जिग्नेश मावाडिय़ा के रूप में हुई है. आरोप है कि उसकी पत्नी पृथ्वी (भूमिबेन) ने अपने कथित प्रेमी निलेश कछाडिय़ा और उसके साथी बलवीर वर्मा के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची. वारदात के बाद उसने परिजनों को बताया कि जिग्नेश ऑस्ट्रेलिया में नौकरी करने चला गया है और कंपनी के नियमों के कारण वह फोन पर बात नहीं कर सकता.
एक सवाल ने खोला दो साल पुराना राज
मामले का खुलासा तब हुआ जब जिग्नेश का एक रिश्तेदार ऑस्ट्रेलिया जाने की तैयारी कर रहा था. उसने पृथ्वी से जिग्नेश का पता, कंपनी और संपर्क विवरण मांगा. महिला लगातार टालमटोल करती रही, जिससे परिवार को शक हुआ. इसके बाद 26 जुलाई को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई.
पूछताछ में टूटी आरोपी, कबूल की पूरी साजिश
पुलिस पूछताछ के दौरान आरोपी पत्नी ने कथित तौर पर हत्या की साजिश का खुलासा किया. जांच के अनुसार, 31 मई 2024 की रात जिग्नेश को फैक्ट्री में पार्टी के बहाने बुलाया गया, जहां उसे जहरीला पदार्थ मिली शराब पिलाई गई. मौत के बाद शव को फैक्ट्री परिसर में करीब 12 फीट गहरे गड्ढे में दफना दिया गया और ऊपर से कंक्रीट डालकर फर्श बना दिया गया, ताकि किसी को भनक न लगे.
फर्श तोडऩे पर मिला कंकाल
पुलिस आरोपियों को घटनास्थल पर लेकर पहुंची और उनकी निशानदेही पर फैक्ट्री का कंक्रीट फर्श तुड़वाया. खुदाई के दौरान नीचे से मानव कंकाल बरामद हुआ. अवशेषों को डीएनए जांच और अन्य फोरेंसिक परीक्षण के लिए भेजा गया है, ताकि पहचान की औपचारिक पुष्टि की जा सके.
तीनों आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने पत्नी, उसके कथित प्रेमी और सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया है. तीनों के खिलाफ हत्या, साक्ष्य मिटाने और आपराधिक साजिश सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि हत्या की योजना कितने समय पहले बनाई गई थी और इसमें कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

