जबलपुर. एमपी के जबलपुर में बिलहरी क्षेत्र में आज सुबह से दहशत का माहौल है, यहां पर देर रात हैलमेट पहनकर आए कार सवार बदमाशों ने तीन दुकानों के सामने जादू-टोना से जुड़ी सामग्री रख दी. घटना आसपास के दुकानों में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई, जिससे हड़कम्प मच गया.
चर्चाओं में यह बात सामने आई है कि हैलमेट पहनकर कार से आए तीन युवक बिलहरी रोड पर उतरे और उन्होने तीन दुकानों के सामने जादू-टोना से जुड़ी सामग्री रखी और कार में बैठकर बरेला की ओर भाग निकले. आज सुबह जब व्यापारी अपनी दुकानें खोलने के लिए पहुंचे तो उन्होंने दुकानों के बाहर अजीबोगरीब चीजें पड़ी हुई देखीं जिसे देखकर उनके होश उड़ गए. देखते ही देखते यह खबर पूरे इलाके में आग की तरह फैल गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग तथा व्यापारी मौके पर एकत्र हो गए.
इस अजीबोगरीब घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं और लोग इस बात से बेहद चिंतित नजर आए कि रात के सन्नाटे में इस तरह की हरकत किसने और क्यों की होगी. घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रभावित दुकानदार तुरंत गोराबाजार थाने पहुंचे और पुलिस अधिकारियों को पूरी घटना की लिखित शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझते हुए तुरंत कार्रवाई शुरू की और आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में ले ली. फुटेज की बारीकी से जांच करने पर पुलिस को कार और उसमें सवार युवकों के बारे में कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं जिसके आधार पर उनकी तलाश तेज कर दी गई है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

