जबलपुर। एमपी में 2017 के बाद से छात्रसंघ चुनाव नहीं हुए, इसे लेकर जबलपुर निवासी छात्र अदनान अंसारी ने जनहित याचिका दायर कर प्रदेश में लंबित छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग की थी।
आज एक्टिंग चीफ जस्टिस विवेक रूसिया और जस्टिस प्रदीप मित्तल की डिवीजन बेंच ने मामले की सुनवाई करते हुए राज्य सरकार को छात्रसंघ चुनाव कराने के निर्देश दिए। सरकार ने कोर्ट में जवाब पेश कर बताया कि शैक्षणिक सत्र 2026-27 में छात्रसंघ चुनाव कराए जाएंगे और इसके लिए सितंबर माह प्रस्तावित है। सरकार के इस आश्वासन के बाद हाईकोर्ट ने याचिका का निराकरण कर दिया। इससे पहले तीन सप्ताह पूर्व हुई सुनवाई में हाईकोर्ट ने सरकार और उच्च शिक्षा विभाग के प्रति सख्त रुख अपनाते हुए कहा था कि अब केवल आश्वासन और बहानों से काम नहीं चलेगा। सरकार को चुनाव की निश्चित तारीख बतानी होगी। कोर्ट ने राज्य सरकार को 2026-27 का शैक्षणिक कैलेंडर पेश करने के साथ छात्रसंघ चुनाव की तारीख घोषित करने और छात्रसंघ गठन की पूरी कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद सरकार ने सितंबर में चुनाव कराने का प्रस्ताव कोर्ट के समक्ष रखा। हाईकोर्ट के निर्देश के बाद प्रदेश के नौ विश्वविद्यालयों से संबद्ध सैकड़ों कॉलेजों के लाखों छात्र छात्रसंघ चुनाव में भाग ले सकेंगे।
एमपी में सितंबर में होंगे छात्रसंघ चुनाव, हाईकोर्ट के निर्देश पर सरकार तैयार, कोर्ट ने कहा था, आश्वासन-बहानों से नहीं चलेगा काम
प्रेषित समय :16:57:17 PM / Mon, Aug 3rd, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर




