जबलपुर। एमपी के जबलपुर में सिहोरा स्थित ग्राम रानीताल गोसलपुर में आज उस वक्त हड़कम्प मच गया, जब ग्रामीणों ने नहर के किनारे एक कपड़े में लिपटी नवजात को देखा। नवजात बच्ची की खबर गांव में आग की तरह फैल गई। देखते ही देखते कई लोग एकत्र हो गए, जिनकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने बच्ची को मेडिकल अस्पताल पहुंचाया। जहां पर उसे भरती कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार गोसलपुर के ग्राम रानीताल स्थित नहर के पास से आज सुबह के वक्त ग्रामीण पहुंचे तो उन्होने कपड़े में लिपटी नवजात को देखा, बच्ची के मिलने की खबर से गांव के लोगों की भीड़ एकत्र हो गई, जिनके बीच तरह तरह की चर्चाएं व्याप्त रही। इस बीच खबर मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए, जिन्होने गांव के लोगों से पूछताछ के बाद बच्ची को उठाकर सिहोरा अस्पताल पहुंचाया, जहां पर डाक्टरों ने बेहतर देखरेख व रखरखाव के लिए जबलपुर मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। वहीं दूसरी ओर गांव के लोगों के बीच चर्चा रही कि अपना पाप छिपाने के लिए जन्म के बाद ही बच्ची को यहां पर लाकर फेंक दिया गया है। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति या महिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। घटना की जानकारी बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) को भी दे दी गई है, ताकि बच्ची के संरक्षण और आगे की प्रक्रिया सुनिश्चित की जा सके।
सिहोरा में नहर के किनारे नवजात बच्ची को फेंककर भागी मां, पुलिस ने अस्पताल में कराया भरती
प्रेषित समय :18:35:03 PM / Tue, Aug 4th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर



