जबलपुर में ट्रांसपोर्टर बनकर ठगी,जस्टडायल से नंबर लेकर शिवलिंग मंगवाने वाले व्यापारी से धोखाधड़ी

जबलपुर में ट्रांसपोर्टर बनकर ठगी,जस्टडायल से नंबर लेकर शिवलिंग मंगवाने वाले व्यापारी से धोखाधड़ी

प्रेषित समय :14:53:21 PM / Wed, Aug 5th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर। जबलपुर के भेड़ाघाट थाना क्षेत्र में ऑनलाइन साइबर ठगी का एक मामला सामने आया है। मकराना से मूर्ति मंगवाने के नाम पर व्यास मार्बल आर्ट के व्यापारी विमल व्यास के साथ 38,000 रुपए की धोखाधड़ी हुई है। पुलिस ने सीसीटीएनएस पोर्टल के माध्यम से दर्ज जीरो एफआईआर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
                                        बताया गया है कि विमल व्यास ने राजस्थान के मकराना स्थित मोहम्मद वसीम से काले शिवलिंग खरीदे थे। इन शिवलिंगों को भेड़ाघाट तक पहुंचाने के लिए उन्होंने 23 जुलाई 2026 को जस्टडायल पर ट्रांसपोर्टर की तलाश की। उन्हें 'करणी ट्रांसपोर्ट' के नाम से नितिन सिंह ठाकुर का मोबाइल नंबर मिला। नितिन ने मकराना से जबलपुर तक का भाड़ा 42,000 रुपए तय किया और बुकिंग राशि के तौर पर 3,000 रुपये साहू किराना के नाम के क्यूआर कोड पर ट्रांसफर करवा लिए। इसके बाद, नितिन ने मकराना में माल लोड कराने के लिए एक ट्रक (आरजे 37 जीसी 8679) भेजा। 26 जुलाई को माल ट्रक में लोड होने के बाद, आरोपी ने व्यापारी से उसी क्यूआर कोड पर 35,000 रुपए और जमा करवा लिए। व्यापारी को धोखाधड़ी का तब पता चला, जब अगले दिन असली करणी ट्रांसपोर्ट के मालिक रेवत सिंह बोरावड़ ने उन्हें फोन किया। बोरावड़ ने बताया कि गाड़ी उनके पास खड़ी है और माल भेजने के लिए 55,000 रुपए का भुगतान करना होगा, क्योंकि नितिन नामक व्यक्ति ने केवल गाड़ी बुक की थी। धोखाधड़ी का अहसास होने पर व्यापारी विमल व्यास ने नितिन सिंह ठाकुर से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसका मोबाइल नंबर लगातार बंद आ रहा है। ठग ने खुद को फर्जी ट्रांसपोर्टर बताकर साहू किराना के क्यूआर कोड के माध्यम से कुल 38,000 रुपए की ठगी की है। भेड़ाघाट पुलिस ने पीडि़त के बयान के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।


 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-