एमपी : ग्वालियर एयरफोर्स स्टेशन पर पेट्रोल बम से हमला, वायुसेना ने आरोपी को दबोचा

एमपी : ग्वालियर एयरफोर्स स्टेशन पर पेट्रोल बम से हमला, वायुसेना ने आरोपी को दबोचा

प्रेषित समय :16:05:00 PM / Thu, Aug 6th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

ग्वालियर. मध्य प्रदेश के ग्वालियर एयरफोर्स स्टेशन गेट पर एक युवक ने पेट्रोल बम फेंक दिया, घटना से अचानक गेट पर अफरातफरी मच गई. आतंकी हमले की आशंका में गेट पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने अलर्ट होते ही युवक को घेर कर पकड़ लिया. लेकिन अति संवेदनशील इलाके में हुई इस घटना से आसपास के लोग दहशत में आ गए. शुरुआती पूछताछ में युवक मानसिक रूप से बीमार लग रहा है.

दरअसल, ग्वालियर के महाराजपुरा थाना इलाके में स्थित भारतीय वायु सेना के एयरफोर्स स्टेशन के महाराजपुरा स्थित चंबल गेट पर एक सिरफिरे युवक ने जमकर उत्पात मचाया. युवक ने बीयर की खाली बोतल में पेट्रोल भर कर पेट्रोल बम बनाया और आग लगाकर एयरफोर्स स्टेशन गेट पर फेंक दिया.

पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लिया

अचानक पेट्रोल बम गिरने से गेट पर मौजूद वायुसेना के जवान अलर्ट हो गए और तुरंत बाहर मौजूद सिरफिरे युवक को धर दबोचा. इस घटना से जहां आस-पास के इलाके में भी दहशत हो गई वहीं घटना के बाद इंटेलिजेंस ब्यूरो, डिफेंड इंटेलिजेंस सहित खुफिया एजेंसिया भी अलर्ट मोड पर आ गई. वायुसेना के जवानों ने घटना की पुलिस को सूचना दी जिसके बाद महाराजपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया.

आरोपी वाराणसी का रहने वाला है, भोपाल से एमटेक किया था

पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में युवक ने अपना नाम राकेश कुमार (बदला हुआ नाम) बताया है जो उत्तर प्रदेश के वाराणसी का रहने वाला है, आरोपी भोपाल के मेनिट से एमटेक किए हुए है साथ ही वह अपने आप को आंध्र प्रदेश में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर होना बता रहा है. हालांकि, पुलिस अभी युवक से पूछताछ में जुटी हुई है. मामले को लेकर महाराजपुरा थाना प्रभारी यशवंत गोयल का कहना है कि युवक से पूछताछ में वह उटपटांग बातें कर रहा है. उसकी बातों को सुनकर स्पष्ट है कि उसका मानसिक संतुलन ठीक नहीं है. वह पुछले आठ वर्षों से मानसिक विक्षिप्त हो कर इधर उधर घूमता रहता है.

मानसिक आरोग्य शाला में कराया युवक को भर्ती

थाना प्रभारी का कहना है कि, पुलिस द्वारा आरोपी युवक के संबंध में ग्वालियर मानसिक आरोग्य शाला में भर्ती कराने का आवेदन किया गया है, जिस पर आवेदन स्वीकार कर चीफ जुडिशियल मजिस्ट्रेट ने युवक का मानसिक परीक्षण करने के बाद उसे मानसिक आरोग्य शाला में भर्ती करने के निर्देश दिए थे, जिसका पालन किया जा चुका है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-