उत्तराखंड में बड़ा हादसा: देवप्रयाग में खाई में गिरी बोलेरो, हादसे में 5 लोगों की दर्दनाक मौत

उत्तराखंड में बड़ा हादसा: देवप्रयाग में खाई में गिरी बोलेरो, हादसे में 5 लोगों की दर्दनाक मौत

प्रेषित समय :17:50:43 PM / Fri, Aug 7th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

हरिद्वार. उत्तराखंड के पौड़ी जिले में शुक्रवार को देवप्रयाग से पौड़ी जा रही एक बोलेरो वाहन अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी. हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया.

देवप्रयाग-पौड़ी मोटर मार्ग पर सबदरखाल के पास कुंडधार क्षेत्र में यह हादसा हुआ. बताया गया कि बोलेरो वाहन अचानक चालक का नियंत्रण खोने के बाद करीब 250 मीटर गहरी खाई में गिर गया. दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी. वाहन में कुल छह लोग सवार थे, जिनमें से पांच की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. सभी मृतक हरिद्वार जिले के लक्सर क्षेत्र के रायपुर जीतपुर गांव के रहने वाले थे और एक ही परिवार से संबंध रखते थे.

सूचना मिलते ही थाना देवप्रयाग पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं. कठिन पहाड़ी इलाके में घंटों तक चले राहत एवं बचाव अभियान के बाद शवों और घायल को खाई से बाहर निकाला गया. गंभीर रूप से घायल अरमान को प्राथमिक उपचार के बाद श्रीनगर बेस अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज जारी है. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की जांच भी की जा रही है.

मुख्यमंत्री धामी ने जताया शोक

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है. उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए अधिकारियों को घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि जरूरत पड़ने पर गंभीर मरीजों को एयरलिफ्ट कर उच्च चिकित्सा केंद्र भेजा जाए. इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके में शोक का माहौल पैदा कर दिया है और स्थानीय लोग भी पीड़ित परिवार की हरसंभव मदद में जुटे हैं.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-