जबलपुर/सिवनी. मध्य प्रदेश की जबलपुर लोकायुक्त पुलिस की टीम ने एक बार फिर भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए आय से अधिक संपत्ति के मामले में जोरदार दबिश दी है. सिवनी के क्षेत्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायत राज प्रशिक्षण केंद्र में पदस्थ बाबू सुभाष शर्मा के जबलपुर स्थित आवास सहित 5 ठिकानों पर शनिवार की तड़के छापामारी की गई है.
बताया जा रहा है कि लोकायुक्त की टीम ने पूरी योजनाबद्ध तरीके से रात 3 बजे जबलपुर स्थित त्रिमूर्ति नगर (गोविंद स्वीट्स एंड बेकरी के सामने) स्थित सुभाष शर्मा के निवास पर दबिश दी. अचानक हुई इस कार्रवाई से आसपास के क्षेत्र और संबंधित विभाग में हड़कंप मच गया. जबलपुर और सिवनी समेत कुल 5 ठिकानों पर यह कार्रवाई एक साथ संचालित की जा रही है.
चपरासी से बना बाबू, बेहिसाब संपत्तियां
सूत्रों के मुताबिक प्रारंभिक जांच में जो बातें सामने आई हैं, वे काफी चौंकाने वाली हैं. सुभाष शर्मा की भर्ती मूल रूप से चपरासी (चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी) के पद पर हुई थी. वर्तमान में वह सिवनी के क्षेत्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायत राज ट्रेनिंग सेंटर में बाबू (लिपिक) का कार्य देख रहा है. शुरुआती जांच में ही उसके फार्म हाउस सहित कई कीमती चल-अचल संपत्तियों का खुलासा हुआ है. लोकायुक्त अधिकारियों का कहना है कि कार्रवाई अभी जारी है. घर, फार्म हाउस और अन्य ठिकानों से संपत्ति के दस्तावेज, बैंक खाते और गहनों की बारीकी से जांच की जा रही है. आंकड़ा काफी बड़ा होने की संभावना है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-


