जबलपुर. एमपी के जबलपुर में गंजीपुरा बाजार में नगर निगम द्वारा 4 माह पहले 25 लाख रुपए की लागत से निर्मित सुलभ कॉम्प्लेक्स में आज सुबह बड़ा हादस होने से टल गया. यहां पर सुलभ काम्प्लेक्स की सीलिंग भरभराकर गिर गई. सीलिंग गिरने से काम्प्लेक्स में भगदड़ व अफरा-तफरी मच गई. घटना की जानकारी मिलते ही नगर निगम नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा मौके पर पहुंच गए और निर्माण की गुणवत्ता को लेकर नगर निगम पर तीखे और गंभीर आरोप लगाए.
बताया गया है कि चार माह पहले बनाए गए सुलभ काम्प्लेक्स में कई लोग मौजूद थे. इस दौरान छत की पीओपी सीलिंग का एक बड़ा हिस्सा नीचे आ गिरा. गनीमत यह रही कि इस भयानक हादसे में किसी भी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन जिस समय यह सीलिंग गिरी, ठीक उसी दौरान एक महिला उसकी चपेट में आने से बाल-बाल बच गई. सीलिंग गिरने के तुरंत बाद ही पूरे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. स्थानीय लोगों ने बताया कि इस कॉम्प्लेक्स की दीवारों और लेटर में भी अब जगह-जगह दरारें नजर आने लगी हैं.
जिससे यह साफ जाहिर होता है कि निर्माण कार्य में किस स्तर की लापरवाही बरती गई है. लोगों का यह भी कहना है कि यदि यह हादसा थोड़ा पहले होता तो बड़ा नुकसान हो सकता था. घटना की खबर मिलते ही नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा तुरंत मौके पर पहुँचे और उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर नगर निगम प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े किए. उनका कहना था कि करीब 25 लाख रुपए की लागत से तैयार किए गए इस सुलभ कॉम्प्लेक्स का जब उद्घाटन हुआ था. उस वक्त नगर निगम ने इसका खूब प्रचार किया था. नेता प्रतिपक्ष ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते ऐसे घटिया निर्माण कार्यों की जांच नहीं की गई तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है. इसके बाद स्थानीय लोगों ने भी इस मामले की जांच कराने और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.

