जबलपुर-कोलकाता सीधी फ्लाइट शुरू, पहली उड़ान से 17 यात्री आए, 28 यात्रियों को लेकर विमान रवाना

जबलपुर-कोलकाता सीधी फ्लाइट शुरू, पहली उड़ान से 17 यात्री आए, 28 यात्रियों को लेकर विमान रवाना

प्रेषित समय :16:39:31 PM / Sat, Aug 8th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर के लोगों का लंबे समय से किया जा रहा इंतजार आज को खत्म हो गया. जबलपुर से कोलकाता के बीच पहली डायरेक्ट फ्लाइट सेवा शुरू हो गई. शनिवार सुबह कोलकाता से उड़ान भरकर विमान 9.35 बजे डुमना विमानतल पहुंचा. यहां प्रशासन और एविएशन अधिकारियों ने वाटर कैनन की सलामी देकर पहली उड़ान का भव्य स्वागत किया.

पहली उड़ान से कोलकाता से 17 यात्री जबलपुर पहुंचे. विमानतल पर मौजूद जनप्रतिनिधियों ने यात्रियों का गर्मजोशी से स्वागत किया. कुछ देर रुकने के बाद यही विमान 28 यात्रियों को लेकर कोलकाता के लिए रवाना हुआ. इस दौरान यात्रियों में खासा उत्साह नजर आया. जबलपुर से कोलकाता के बीच सीधी हवाई सेवा शुरू करने की मांग लंबे समय से की जा रही थी. नई फ्लाइट शुरू होने से अब दोनों शहर सीधे हवाई मार्ग से जुड़ गए हैं.

इससे यात्रियों को कनेक्टिंग फ्लाइट या लंबी दूरी की अन्य यात्रा पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा. विमान सेवा शुरू होने पर स्थानीय लोगों और कारोबारियों ने खुशी जताई. उनका कहना है कि सीधी कनेक्टिविटी मिलने से कारोबारियों, छात्रों और मरीजों को सबसे ज्यादा फायदा होगा. समय की बचत के साथ यात्रा भी पहले की तुलना में आसान और सुविधाजनक हो जाएगी.

वापसी उड़ान में भी दिखा उत्साह-

जबलपुर से कोलकाता के लिए विमान के रवाना होने के समय यात्रियों में खासा उत्साह नजर आया. विमान सेवा से जुड़ी तकनीकी और प्रशासनिक औपचारिकताएं निर्धारित समय पर पूरी की गईं. नई सीधी उड़ान शुरू होने से जबलपुर और कोलकाता के बीच आवागमन को नई गति मिलने की उम्मीद है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-