रीवा. मध्य प्रदेश के रीवा के सोहागी थाना क्षेत्र में एनएच-30 पर मंगलवार देर रात करीब 2 बजे सड़क हादसा हो गया. सोहागी घाटी में प्रयागराज से लौट रही तूफान गाड़ी अनियंत्रित होकर पहाड़ से करीब 70 फीट नीचे खाई में जा गिरी. हादसे में वाहन सवार सभी सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. सूचना मिलते ही सोहागी थाना पुलिस मौके पर पहुंची. वाहन गहरी खाई में गिरने के कारण घायलों तक पहुंचना और उन्हें बाहर निकालना चुनौतीपूर्ण था.
पुलिसकर्मी गहरी खाई में उतरे
सोहागी थाना प्रभारी कमलेश साहू ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. वाहन सड़क से करीब 70 फीट नीचे गिरा था. पुलिसकर्मियों ने गहरी खाई में उतरकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. काफी मशक्कत के बाद सभी सात घायलों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. इसके बाद सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए सिविल अस्पताल भेजा गया. घायलों की पहचान की जा रही है.
प्रयागराज से लौट रहे थे, सभी सतना जिले के
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे में घायल सभी सात लोग सतना जिले के उचेहरा क्षेत्र के रहने वाले हैं. वे प्रयागराज गए थे और वहां से वापस लौट रहे थे. इसी दौरान सोहागी घाटी में उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर पहाड़ से नीचे जा गिरी. पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि वाहन अनियंत्रित होने की वजह क्या थी.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

