जबलपुर में मोबाइल हैक, एपीके फाइल खोलते ही एकाउंट से उड़ गए लाखों रुपए, साइबर ठगों ने तीन लोगों को बनाया शिकार

जबलपुर में मोबाइल हैक, एपीके फाइल खोलते ही एकाउंट से उड़ गए लाखों रुपए, साइबर ठगों ने तीन लोगों को बनाया शिकार

प्रेषित समय :14:50:32 PM / Thu, Aug 13th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर में साइबर ठगी की वारदात थमने का नाम नहीं ले रही है, एक बार फिर साइबर ठगों ने तीन लोगों को शिकार बनाया है. किसी का मोबाइल हैक हो गया तो किसी के एपीके फाइल खोलते व मोबाइल फोन की स्क्रीन ब्लैक होते ही एकाउंट से रुपए उड़ गए. पुलिस ने तीनों मामलों में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु कर दी है.

पुलिस के अनुसार गोहलपुर नई बस्ती निवासी तनवीर अहमद के यूनियन बैंक खाते से अज्ञात आरोपी ने 1 लाख 89 हजार रुपए निकाल लिए. ठगी से पहले तनवीर के खाते में एक युवती की आईडी से 1 रुपया भेजा गया था, जिसके बाद उनका मोबाइल हैक हो गया. हैकिंग के बाद आईएमपीएस के माध्यम से तीन बार में यह बड़ी रकम निकाली गई.

मोबाइल की स्क्रीन हुई ब्लैक-

आर्डिनेंस फैक्ट्री खमरिया में पदस्थ चार्जमैन अजय कुमार वर्मा साइबर ठगी का शिकार हुए. 4 अगस्त को दोपहर में उनके मोबाइल की स्क्रीन अचानक काली हो गई और स्वत: अपडेट होने लगी. अपडेट प्रक्रिया पूरी होते ही उनके खाते से मात्र चार मिनट के अंतराल में दो बार में कुल 84 हजार 999 रुपए कट गए. पीडि़त की शिकायत पर रांझी पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (क्चहृस्) की धारा 318(4) और 319(2) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है.

एपीके फाइल खोलते ही कट गए रुपए-

गोहलपुर क्षेत्र में रहने वाली रैना तामिया महाधिवक्ता कार्यालय में पदस्थ है. सहायक आयुक्त रैना तामिया के साथ 1 लाख 10 हजार 67 रुपए की धोखाधड़ी हुई. पीडि़ता को क्रेडिट कार्ड बैलेंस जमा करने का झांसा देकर एक कॉल आया था. कॉल कटने के बाद अज्ञात आरोपी ने व्हाट्सएप पर एक एपीके पीडीएफ फाइल भेजी. इस फाइल को डाउनलोड करते ही पीडि़ता के क्रेडिट कार्ड का दुरुपयोग कर अप्रैल से जून माह के बीच ऑनलाइन शॉपिंग की गई.
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-