पुरी. ओडिशा के पुरी रेलवे स्टेशन के समीप शनिवार को एक बड़ा रेल हादसा होने से टल गया. स्टेशन से महज 500 मीटर पहले तालचेर से पुरी आ रही तालचेर-पुरी एक्सप्रेस ट्रेन का इंजन अचानक पटरी से उतर (डिरेल) गया.
अचानक हुए इस हादसे के कारण ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी और डर का माहौल बन गया. प्राप्त जानकारी के अनुसार, तालचेर-पुरी एक्सप्रेस अपने निर्धारित मार्ग से पुरी स्टेशन की ओर बढ़ रही थी. जैसे ही ट्रेन स्टेशन से करीब आधा किलोमीटर की दूरी पर पहुंची, अचानक उसका इंजन झटके के साथ पटरी से नीचे उतर गया. गनीमत यह रही कि ट्रेन की गति धीमी थी. जिससे कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और ट्रेन में सवार सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं. हादसे में किसी के भी हताहत या घायल होने की सूचना नहीं है.
रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंचे, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया. रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, तकनीकी टीम और राहत दल तत्काल दुर्घटना स्थल पर पहुंचे. इसके बाद बेपटरी हुए इंजन को पुन: पटरी पर लाने और बाधित रेल यातायात को सुचारू करने का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया. फिलहाल, इंजन के पटरी से उतरने के सटीक कारणों का पता नहीं चल सका है. रेलवे सुरक्षा और तकनीकी विभाग की ओर से घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है.

