जबलपुर में महिला ने ऑनलाइन मंगाई दो साड़ी, रिफंड पाने के चक्कर में हुई ठगी का शिकार, गवाएं 97,400 रुपए

जबलपुर में महिला ने ऑनलाइन मंगाई दो साड़ी, रिफंड पाने के चक्कर में हुई ठगी का शिकार, गवाएं 97,400 रुपए

प्रेषित समय :16:47:50 PM / Mon, Aug 17th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर। एमपी के जबलपुर में सिविल लाइन स्थित समीक्षा टाउन में रहने वाली महिला दीप्ति सिसोदिया ऑन लाइन शॉपिंग के चक्कर में ठगी का शिकार हो गई। दीप्ति ने 700 रुपए की दो साडिय़ों का रिफंड पाने के चक्कर में 97400 रुपए गंवा दिए। पुलिस ने दीप्ति की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरु कर दी है। 
                                पुलिस के अनुसार समीक्षा टाउन कालोनी निवासी दीप्ति सिसोदिया के पति रेलवे में टीसी के पद पर कार्यरत हैं। पीडि़ता ने 26 जून को इंस्टाग्राम पर एक साड़ी का विज्ञापन देखा था। उन्होंने 700 रुपए में दो साडिय़ों का ऑर्डर बुक किया और फोन पे के माध्यम से भुगतान किया। ऑर्डर दर्ज होने के अगले ही दिन, पीडि़ता को एक अज्ञात नंबर से व्हाट्सएप पर कॉल आया। कॉलर ने साडिय़ों की डिलीवरी के लिए 800 रुपए अतिरिक्त चार्ज की मांग की। जब महिला ने डिलीवरी चार्ज मुफ्त होने की बात कहकर ऑर्डर रद्द करने और पैसे वापस मांगे, तो ठगों ने रिफंड के लिए उनसे और पैसे ट्रांसफर करने को कहा। जालसाजों की बातों में आकर उन्होंने उनके द्वारा भेजे गए क्यूआर कोड पर फिर से 700 रुपए स्कैन करके भेज दिए। इसके बाद ठगों का लालच बढ़ता गया और वे कभी 2 हजार तो कभी अन्य रकम की मांग करते रहे। 26 जून से 4 जुलाई के बीच, साइबर अपराधियों ने रिफंड का प्रलोभन देकर पीडि़ता से अलग-अलग क्यूआर कोड पर कुल 11 बार ऑनलाइन लेनदेन करवाए। महज 700 रुपये वापस पाने की चाह में पीडि़ता धीरे-धीरे जालसाजों के बिछाए जाल में फंसती चली गईं और कुल 97,400 रुपए गंवा बैठीं। लगातार पैसों की मांग और ठगी का अहसास होने पर पीडि़ता ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात मोबाइल नंबर धारक के खिलाफ बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) की धारा 318(4) के तहत धोखाधड़ी का अपराध पंजीबद्ध कर लिया है। पुलिस फिलहाल बैंक खातों और क्यूआर कोड के आधार पर मामले की गहन विवेचना कर रही है।
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-