जबलपुर. एमपी के जबलपुर में राज्यसभा सांसद सुमित्रा बाल्मिक ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े के मंच के शुद्धिकरण को लेकर कांग्रेस पर पलटवार किया. उन्होंने कहा कि शुद्धिकरण खडग़े के मंच का नहीं, बल्कि उनकी वैचारिकता का होना चाहिए. सांसद ने कहा कि खडग़े बार-बार दलित नेता के साथ अपमान की बात कर रहे हैं, लेकिन उन्हें अपने विचारों पर भी विचार करना चाहिए.
सांसद सुमित्रा बाल्मिक ने कहा कि मैं भी दलित हूं, लेकिन भाजपा व संगठन में मुझे कभी भेदभाव का सामना नहीं करना पड़ा. भाजपा समरसता में विश्वास करती है. उन्होंने कहा कि मल्लिकार्जुन खडग़े अपनी वैचारिकता को कब शुद्ध करेंगे, यह पूरा देश जानना चाहता है. गौरतलब है कि हाल ही में उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडग़े का कार्यक्रम हुआ था. कार्यक्रम समाप्त होने के बाद हिंदू संगठन के कार्यकर्ता उस मंच पर पहुंचे, जहां खडग़े ने भाषण दिया था. कार्यकर्ताओं ने मंच का शुद्धिकरण किया. घटना के बाद कांग्रेस ने देशभर में प्रदर्शन कर इसे दलित नेता का अपमान बताया. कांग्रेस ने भाजपा और हिंदू संगठनों के इस कृत्य की आलोचना की थी.
सनातन के खिलाफ बोलने का लगाया आरोप-
सांसद सुमित्रा बाल्मिक ने यह भी कहा कि खडग़े जिस राजनीतिक विचारधारा के साथ खड़े होकर बयान देते हैं, उसमें सनातन के प्रति नकारात्मक सोच दिखाई देती है. उन्होंने कहा कि जब कोई व्यक्ति लगातार सनातन के खिलाफ बोलता है और विवाद होने पर खुद को दलित बताता है, तो उसे पहले अपने विचारों पर विचार करना चाहिए.

