जबलपुर. एमपी में हो रही भारी बारिश के कारण जबलपुर स्थित बरगी बांध का जलस्तर बढ़ गया है. इसे नियंत्रित करने के लिए बांध के 13 गेट खोल दिए गए हैं. इन गेटों को औसतन 2.15 मीटर की ऊंचाई तक खोला गया है, जिनसे 3,988 क्यूमेक पानी लगातार छोड़ा जा रहा है. इनमें 5 गेट 3 मीटर, 4 गेट 2 मीटर, 2 गेट 1.5 मीटर और 2 गेट 1 मीटर की ऊंचाई तक खुले हैं.
बांध से पानी छोड़े जाने के कारण नर्मदा नदी के विभिन्न घाटों पर जलस्तर में 8 से 10 फीट तक की अचानक बढ़ोतरी हुई है. इसके चलते प्रसिद्ध पर्यटन स्थल भेड़ाघाट और उसका जलप्रपात पूरी तरह पानी में डूब गया है. जबलपुर के गौरीघाट पर दुकानें और छोटे मंदिर भी पानी में डूब गए हैं. इससे तटीय इलाकों में चिंता बढ़ गई है.
जबलपुर, नरसिंहपुर और नर्मदापुरम में अलर्ट-
नर्मदा का जलस्तर बढऩे के बाद जबलपुर के साथ नरसिंहपुर और नर्मदापुरम जिलों में प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है. स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें सतर्क हैं. प्रशासन ने आम नागरिकों और पर्यटकों से नर्मदा के घाटों और निचले तटीय क्षेत्रों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है. नदी किनारे बसे गांवों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है.

