मुंबई. महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है.यहां एक 18 साल के युवक ने आत्महत्या के मकसद से पहाड़ी से नीचे छलांग लगा दी. उसे बचाने की कोशिश में उसके पिता भी नीचे गिर गए. बेटे और पति को खोता हुआ देख मां ने भी पहाड़ी से कूद कर जान दे दी. तीन घंटे तक चली इस मुश्किल स्थिति के दौरान, जब माता-पिता और अन्य लोग उस युवक को किनारे से दूर आने के लिए मनाने की कोशिश कर रहे थे, तो वहां मौजूद पर्यटकों और स्थानीय लोगों ने इसका वीडियो बना लिया.
देखते ही देखते युवक ने लगाई छलांग
यह सब सुबह करीब 10 बजे शुरू हुआ, जब देवलाई इलाके का रहने वाला 18 साल का युवक पहाड़ी के किनारे गया और अपनी जान देने की धमकी देने लगा. वह लगातार कहता रहा, मैं नीचे कूद जाऊंगा. लगभग तीन घंटे तक गांव वाले और उसके माता-पिता उसे समझाने की कोशिश करते रहे. उन्होंने उससे अपने भविष्य के बारे में सोचने को कहा, लेकिन वह अपनी जान देने पर अड़ा रहा. जैसे-जैसे वह किशोर किनारे की ओर बढ़ता गया, पिता ने उसे किनारे से दूर आने के लिए मनाने की कोशिश की. दोपहर करीब 1 बजे, उन्होंने अपने बेटे को पकडऩे की कोशिश की, लेकिन दोनों का संतुलन बिगड़ गया और वे पहाड़ी से नीचे गिर गए. कुछ ही पल बाद, घबराई हुई मां भी पहाड़ी से नीचे गिर गई.
लोगों ने बचाने भरपूर कोशिश की
पुलिस अधिकारी भी मौके पर मौजूद थे और उन्होंने भी उस किशोर को किनारे से दूर आने के लिए मनाने की कोशिश की, लेकिन उनकी कोशिशें नाकाम रहीं. मौके पर मौजूद लोगों ने संजय जाधव ने बताया कि माता-पिता और अन्य लोगों ने उस किशोर को मनाने की कई बार कोशिश की थी. जाधव ने कहा, माता-पिता और अन्य लोगों ने उसे समझाने की बहुत कोशिश की, लेकिन उसने किसी की बात नहीं मानी और पहाड़ी के किनारे पर खड़ा रहा. पुलिस अधिकारी भी वहां मौजूद थे. उन्होंने कहा, मां उससे लगातार विनती करती रही कि वह नीचे न कूदे.

