राजस्थान: विधानसभा में हंगामा, नारेबाजी के बीच यूसीसी बिल पेश, कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित

राजस्थान: विधानसभा में हंगामा, नारेबाजी के बीच यूसीसी बिल पेश, कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित

प्रेषित समय :18:51:55 PM / Fri, Aug 21st, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जयपुर. राजस्थान विधानसभा के मानसून सत्र की कार्यवाही दूसरे दिन शुक्रवार को केवल 66 मिनट चली. सुबह कार्यवाही शुरू होने के साथ ही कांग्रेस विधायकों ने हंगामा कर दिया. प्रश्नकाल में 5 मिनट, शून्यकाल में 18 मिनट कार्यवाही चली. दो बार सदन की कार्यवाही स्थगित हुई. हंगामे के बीच विधानसभा में समान नागरिक संहिता ( यूसीसी) बिल पेश हुआ. बिल पेश होने के बाद कांग्रेस विधायकों ने कार्यवाही का बॉयकॉट कर दिया. इसके बाद सदन की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हो गई.

इससे पहले सुबह सदन की कार्यवाही शुरू होते ही नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कांग्रेस विधायकों को विधानसभा गेट पर रोके जाने का मुद्दा उठाते हुए इस पर चर्चा कराने को कहा था. उन्होंने सीजेपी कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट पर भी सरकार को घेरा था. स्पीकर ने प्रश्नकाल के बीच मुद्दा उठाने की अनुमति नहीं दी थी. इसके बाद कांग्रेस विधायकों ने वेल में नारेबाजी की और सरकार भगोड़ी है के पोस्टर लहराए थे. वहीं, भाजपा विधायकों ने राहुल गांधी को भगोड़ा और चोर बताते हुए नारेबाजी की थी.

केवल 66 मिनट चला सदन

विधानसभा में अनुपूरक अनुदान की मांगें और तीन बिल पारित करवाने के बाद सदन की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई. आज केवल 1 घंटा 6 मिनट ही सदन चला. आज प्रश्नकाल और शून्यकाल की कार्यवाही हंगामे की भेंट चढ़ गई. प्रश्नकाल में 5 मिनट, शून्यकाल में 18 मिनट कार्यवाही चली. दो बार सदन की कार्यवाही स्थगित हुई. तीसरी बार कार्यवाही स्थगित होने पर हंगामे के बाद कांग्रेस विधायक बायकॉट करके चले गए. तीसरी बार 43 मिनट सदन चला.

स्पीकर बोले- ग्रुप में विधानसभा के गेट से आने की अनुमति न पहले थी न आगे होगी

कांग्रेस विधायकों को गुरुवार को विधानसभा के गेट पर रोके जाने और कांग्रेस के हंगामे पर स्पीकर वासुदेव देवनानी ने कहा- विधानसभा का गेट आज भी खुला है और कल भी खुला था. एमएलए फ्लैट्स कैंपस में रहने वालों के लिए गेट खुला रहता है. ग्रुप में विधानसभा के गेट से आने की अनुमति न पहले थी न आगे होगी. विधायकों के लिए गेट गुरुवार को भी खुला था, लेकिन गुरुवार को ग्रुप में एमएलए आए तो बाहर के दो लोग आ गए थे. उन्हें सुरक्षाकर्मियों ने पहचानकर बाहर निकाला.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-