बेतिया. बिहार के बेतिया में एनएच-727 के बेतिया-लौरिया मार्ग पर शुक्रवार की देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. बसवरिया और पराउटोला के बीच गोरखपुर से बेतिया जा रही शाही बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे छठिहार समारोह के दौरान ऑर्केस्ट्रा देख रहे लोगों की भीड़ में जा घुसी. हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए.
मृतकों में दो ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीन की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई. हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई. स्थानीय लोगों ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है.
बताया जाता है कि धर्मेंद्र दुबे के घर शुक्रवार को छठिहार समारोह का आयोजन था. उनका घर एनएच-727 के किनारे स्थित है. समारोह के दौरान घर के बाहर ऑर्केस्ट्रा का कार्यक्रम रखा गया था. आसपास के लोग सड़क किनारे खड़े होकर कार्यक्रम देख रहे थे. इसी दौरान तेज रफ्तार शाही बस अनियंत्रित होकर भीड़ में जा घुसी और कई लोगों को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के समय बेतिया की ओर से गैस सिलेंडर लदा ट्रक आ रहा था, जबकि लौरिया की तरफ से शाही बस बेतिया की ओर जा रही थी. बताया जा रहा है कि बस की रफ्तार काफी तेज थी. इसी दौरान बस चालक ने नियंत्रण खो दिया और बस सड़क किनारे खड़े लोगों को रौंदते हुए आगे निकल गई.
हादसे में दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. गंभीर रूप से घायल अन्य लोगों को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान तीन और लोगों ने दम तोड़ दिया. मृतकों की पहचान संजय महतो, भोला दुबे, बहादुर महतो, देवेंद्र दुबे और छांगुर राम के रूप में हुई है. घटना की खबर मिलते ही मृतकों के स्वजन में कोहराम मच गया.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार को हादसे की वजह बताया जा रहा है. हालांकि, दुर्घटना की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी. पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है, जबकि हादसे में घायल पांच लोगों का अस्पताल में इलाज जारी है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-


