जबलपुर. पश्चिम मध्य रेलवे के महाप्रबंधक दिलीप कुमार सिंह ने अपने दो दिवसीय दौरे के तहत कोटा मंडल में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों, तकनीकी नवाचारों एवं संरक्षा व्यवस्थाओं का सघन निरीक्षण किया. इस दौरान मंडल में रेल संरक्षा की दृष्टि से रामगंजमंडी–रावठा रोड रेलखंड में मालगाड़ी के साथ स्वदेशी स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली कवच की यूनिफॉर्म ब्रेकिंग प्रणाली का सफल निरीक्षण भी संपन्न हुआ.
दौरे एवं निरीक्षण के मुख्य बिंदु
समीक्षा बैठक एवं वार रूम निरीक्षण: महाप्रबंधक ने सभागार में मंडल रेल प्रबंधक एवं वरिष्ठ शाखा अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर विकास परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी प्राप्त की. उन्होंने संरक्षा और गुणवत्ता मानकों के साथ सभी कार्य समयसीमा में पूरे करने के निर्देश दिए तथा मंडल कार्यालय स्थित वार रूम एवं कंट्रोल रूम का जायजा लिया.
आधुनिक आईओएच डिपो का लोकार्पण
नवनिर्मित आईओएच डिपो का उद्घाटन किया गया. यह डिपो सिंगल कार टेस्ट रिग, ऑटोमेटिक डैम्पर टेस्टिंग मशीन, डिजिटल माइक्रोमीटर, हाइड्रोलिक प्रेस और सीसीटीवी जैसी अत्याधुनिक डिजिटल प्रणालियों से लैस है. महाप्रबंधक ने एलएचबी कोच में मॉडिफाइड हैंड ब्रेक इंडिकेटर की सराहना करते हुए कहा कि इससे कोच अनुरक्षण की गुणवत्ता में सुधार होगा.
न्यू कोटा एवं कोटा स्टेशन विकास कार्य का निरीक्षण
न्यू कोटा स्टेशन पर फुट ओवर ब्रिज, वेटिंग एरिया, प्लेटफॉर्म व कॉन्कोर्स निर्माण की प्रगति की समीक्षा की. इसके साथ ही कोटा स्टेशन के लेआउट प्लान, रूट रिले इंटरलॉकिंग (आरआरआई) सिस्टम तथा यात्रियों की सुविधा हेतु शुरू किए गए स्विगी फूड एग्रीगेटर आउटलेट का निरीक्षण किया.
मालगाड़ी के साथ कवच प्रणाली का निरीक्षण
- पश्चिम मध्य रेलवे में रेल संचालन को अधिक सुरक्षित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त कर रही हैं.
- रामगंजमंडी–रावठा रोड स्टेशन सेक्शन में मालगाड़ी के साथ कवच की यूनिफॉर्म ब्रेकिंग प्रणाली का ट्रायल किया गया. इस दौरान सभी निर्धारित तकनीकी व संरक्षा मानकों के अनुरूपप्रदर्शन देखा गया.
यह आधुनिक प्रणाली गति नियंत्रण एवं आपात स्थिति में स्वचालित ब्रेकिंग सहायता प्रदान कर मालगाडिय़ों के साथ-साथ यात्री ट्रेनों के सुरक्षित एवं सुगम संचालन को मजबूती प्रदान करेगी. दो दिवसीय निरीक्षण में डीआरएम कोटा श्री अनिल कुमार कालरा, मुख्य सिग्नल एवं दूरसंचार अभियंता (प्रोजेक्ट) सचिन शुक्ला सहित मण्डल के अधिकारी उपस्थिति रहे.

