चंदौली. यूपी के चंदौली जिले के शहाबगंज थाना क्षेत्र के किड़हिरा गांव में शनिवार को उस समय चीख-पुकार मच गई, जब बंद कुएं में फंसा समरसेबल पंप निकालने उतरे चार लोग अचानक जहरीली गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गए. आनन-फानन ग्रामीणों और पुलिस की मदद से सभी को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया. वहीं चौथे युवक की हालत गंभीर बनी हुई है, जिसका अस्पताल में इलाज जारी है. घटना के बाद से ही गांव में मातमी सन्नाटा और कोहराम पसरा हुआ है.
जानकारी के अनुसार, किड़हिरा गांव में कुएं के भीतर लगे खराब समरसेबल पंप को बाहर निकालने का काम चल रहा था. इसी दौरान एक-एक कर चार लोग कुएं में उतरे, लेकिन अंदर मौजूद जहरीली गैस के असर से चारों अचेत होकर कुएं के भीतर ही गिर पड़े. कुएं से बाहर किसी हलचल के न होने और पुकारने पर जवाब न मिलने पर बाहर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया.
पुलिस की मदद से पहुंचाया अस्पताल
स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल घटना की सूचना शहाबगंज थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ग्रामीणों की मदद से राहत व बचाव कार्य में जुट गई. काफी मशक्कत के बाद चारों को कुएं से बाहर निकाला गया. हादसे में जमाल, तौकीर आलम और वारिस अली की मौत हो गई, जिससे परिजनों में चीत्कार मच गया. वहीं हादसे में बचे समशेर की हालत गंभीर बनी हुई है, जिसे तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया.
घटना के संबंध में पुलिस प्रशासन का कहना है कि प्रथम दृष्टया कुएं में लंबे समय से जमी जहरीली गैस (मीथेन या कार्बन मोनोऑक्साइड) के रिसाव के कारण दम घुटने से यह हादसा हुआ प्रतीत हो रहा है. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

