जबलपुर के सत्यप्रकाश स्कूल में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने किया प्रदर्शन, बिना सुरक्षा प्रयोग से छात्र का हाथ झुलसा

जबलपुर के सत्यप्रकाश स्कूल में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने किया प्रदर्शन, बिना सुरक्षा प्रयोग से छात्र का हाथ झुलसा

प्रेषित समय :20:41:50 PM / Sat, Aug 22nd, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. एमपी के जबलपुर में सत्यप्रकाश स्कूल में एक वैज्ञानिक प्रयोग के दौरान लापरवाही से छात्र का हाथ झुलसने के मामले में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने स्कूल परिसर में प्रदर्शन किया. अभाविप के कार्यकर्ताओं ने बताया कि पीडि़त छात्र की माता मंजू उपाध्याय ने संगठन से संपर्क कर न्याय की मांग की थी.

पीडि़त परिवार का आरोप है कि घटना के बाद भी स्कूल प्रशासन ने मामले पर कोई ध्यान नहीं दिया और न ही उनकी शिकायत सुनी. पीडि़त बच्चे की मां ने जानकारी दी कि 11 अगस्त को ग्वारीघाट रोड स्थित सत्यप्रकाश स्कूल में एक साइंस फेयर (विज्ञान मेला) आयोजित किया गया था. कार्यक्रम में बच्चों को कई वैज्ञानिक प्रयोग दिखाए जा रहे थे, जिसमें ड्राई आइस का प्रयोग भी शामिल था. आरोप है कि इस दौरान सुरक्षा मानकों की घोर अनदेखी की गई.

छात्रों को बिना किसी ग्लव्स, पीपीई किट या सुरक्षा उपकरण के सीधे हाथों में ड्राई आइस थमा दी गई. इस लापरवाही के कारण चौथी कक्षा के एक छात्र का हाथ गंभीर रूप से झुलस गया. घटना के अगले दिन जब पीडि़त छात्र की मां स्कूल प्रशासन से बात करने गईं, तो प्रशासन ने चर्चा करने से साफ इनकार कर दिया. अभाविप के पदाधिकारियों का कहना है कि छात्रों की जान को बिना किसी सावधानी के जोखिम में डालना स्कूल प्रबंधन की बड़ी विफलता है.

इस घटना से आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने स्कूल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की. अभाविप ने चेतावनी दी है कि यदि इस कृत्य के जिम्मेदार लोगों और स्कूल प्रबंधन पर प्रशासन द्वारा जल्द से जल्द कठोर कार्रवाई नहीं की गई, तो संगठन सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करेगा

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-