जबलपुर. एमपी के जबलपुर में लगातार हो रही बारिश से कई इलाके जलमग्न हो गए है, यहां पर गढ़ा क्षेत्र की चंदन कॉलोनी और पनागर की निभोरा पंचायत में लगातार बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है. चंदन कॉलोनी में सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया है, जबकि निभोरा में खेतों और घरों में पानी घुस गया है.
चंदन कॉलोनी में जलभराव के कारण छोटे बच्चों की पढ़ाई बाधित हुई है और वे घरों में कैद हैं. स्थानीय निवासियों का आरोप है कि बंद नालों और जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण यह स्थिति बनी है. नगर निगम हेल्पलाइन पर बार-बार शिकायत के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई है, और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि भी अनुपस्थित हैं. यहां पर तालाब जैसे हालात निर्मित हो गए, लोगों के घरों में पानी भरने के कारण गृहस्थी का सामान खराब हो गया है, यहां तक कि घर से निकलना भी मुश्किल हो गया है. ऐसे हालात गढ़ा के शुक्ला नगर सहित अन्य क्षेत्रों में भी निर्मित हो गए है.
पनागर के निभोरा में भी हालात बिगड़े-
पनागर तहसील की निभोरा पंचायत में रिंग रोड निर्माण कर रही वीआरएस कंपनी पर लापरवाही का आरोप है. पानी की उचित निकासी न होने से बारिश का पानी खेतों और लोगों के घरों में घुस गया है. कंपनी द्वारा क्षतिग्रस्त की गई नल-जल योजना की पाइपलाइन भी दुरुस्त नहीं की गई है. निभोरा में पानी की टंकी और ट्रांसफार्मर के पास भारी जलभराव से इलाके में करंट फैलने का गंभीर खतरा मंडरा रहा है. इससे ग्रामीण भयभीत और आक्रोशित हैं. प्रशासनिक संवेदनहीनता का आलम यह है कि शिकायतों और चक्का जाम के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों ने ध्यान नहीं दिया. छतरपुर से आने-जाने वाले यात्रियों सहित आम जनता का संपर्क मुख्य मार्गों से कट गया है, और पुलिया निर्माण न होना शासन के दावों पर सवाल उठाता है.

