जबलपुर. एमपी के जबलपुर में सतपुला से रांझी मार्ग की जर्जर हालत को देखते स्थानीय नागरिकों सहित कांग्रेसजन आक्रोशित है. कांग्रेसजनों ने आज विरोध प्रदर्शन किया. उन्होंने विधायक का पुतला भी फूंका. प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि आंदोलन की घोषणा के बाद प्रशासन और विधायक प्रतिनिधियों ने आनन-फानन में केवल अस्थाई गिट्टी डालकर खानापूर्ति की कोशिश की.
कांग्रेसजनों का आरोप था कि कागजी निरीक्षण और अस्थाई कार्यों से जनता की समस्या हल नहीं होगी. कांग्रेस नेताओं ने अमृत योजना के तहत चल रहे कार्यों में लापरवाही का आरोप लगाया. पिछले छह महीनों से पाइपलाइन बिछाने और निर्माण कार्य जारी है, लेकिन कार्य पूरा होने के बाद सड़कों की उचित मरम्मत नहीं की गई. खोदी गई सड़कों पर गिट्टी और गड्ढे छोड़ दिए गए हैं, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं.
कांग्रेस नेताओं ने तंज कसते हुए कहा कि बड़ी गाडिय़ों में घूमने वाले जनप्रतिनिधियों को आम जनता की तकलीफों का एहसास नहीं है. कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि सतपुला-रांझी मार्ग का गुणवत्तापूर्ण और स्थायी निर्माण जल्द शुरू नहीं हुआ, तो आने वाले दिनों में और बड़ा आंदोलन किया जाएगा. उन्होंने मांग की कि जनता की सुविधा के लिए पक्की सड़क बनाई जाए, जिससे लोगों को रोजमर्रा की दिक्कतों और हादसों से राहत मिल सके.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

