झांसी स्टेशन पर 40 दिन का मेगा ब्लॉक, 20 नवंबर से बदलेगा कई ट्रेनों का रूट, ग्वालियर से चलेगी ताज एक्सप्रेस

झांसी स्टेशन पर 40 दिन का मेगा ब्लॉक, 20 नवंबर से बदलेगा कई ट्रेनों का रूट, ग्वालियर से चलेगी ताज एक्सप्रेस

प्रेषित समय :14:12:35 PM / Tue, Aug 25th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

ग्वालियर. झांसी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर बैलेस्टलेस ट्रैक निर्माण के चलते 20 नवंबर से 29 दिसंबर तक 40 दिनों का ब्लॉक लिया जाएगा. इस दौरान झांसी स्टेशन पर ट्रैफिक रेगुलेशन लागू रहेगा, जिससे ग्वालियर से गुजरने वाली कई ट्रेनें प्रभावित होंगी. यात्रियों की सुविधा के लिए कई ट्रेनों के रूट बदले गए हैं, जबकि कुछ ट्रेनें ग्वालियर स्टेशन से ही चलेंगी या यहीं अपनी यात्रा समाप्त करेंगी.

ग्वालियर से चलेगी ताज एक्सप्रेस

ताज एक्सप्रेस (12279): 20 नवंबर से 29 दिसंबर तक झांसी के बजाय ग्वालियर स्टेशन से नई दिल्ली के लिए रवाना होगी.
ताज एक्सप्रेस (12280): 20 नवंबर से 29 दिसंबर तक दिल्ली से झांसी आने वाली यह ट्रेन झांसी जाने के बजाय ग्वालियर स्टेशन पर ही अपनी यात्रा समाप्त करेगी.

ग्वालियर-बरौनी मेल का बदला रूट

ग्वालियर-बरौनी मेल (11123): 20 नवंबर से 29 दिसंबर तक झांसी के बजाय इटावा-कानपुर रूट से बरौनी जाएगी.
बरौनी-ग्वालियर मेल (11124): 19 नवंबर से 28 दिसंबर तक झांसी होकर आने के बजाय कानपुर-इटावा-ग्वालियर मार्ग से सीधे ग्वालियर पहुंचेगी.

गुना होकर चलेंगी तीन ट्रेनें

फिरोजपुर-नांदेड़ एक्सप्रेस: प्रत्येक शुक्रवार को ग्वालियर-झांसी-बीना के बजाय ग्वालियर-गुना-बीना होकर चलेगी.
बरेली-एलटीटी एक्सप्रेस: प्रत्येक शनिवार को ग्वालियर-झांसी-बीना के बजाय ग्वालियर-गुना-बीना मार्ग से मुंबई जाएगी.
बरेली-इंदौर एक्सप्रेस: प्रत्येक बुधवार को ग्वालियर-झांसी-बीना-शिवपुरी-मक्सी के बजाय ग्वालियर-गुना-मक्सी मार्ग से इंदौर पहुंचेगी.

दो स्पेशल ट्रेनों के रूट बदले

दरभंगा-अहमदाबाद स्पेशल (09466): 23 से 28 दिसंबर तक प्रत्येक सोमवार को झांसी-बीना-गुना के बजाय इटावा-ग्वालियर-गुना रूट से चलेगी.
अहमदाबाद-दरभंगा स्पेशल (09465): 20 से 25 दिसंबर तक गुना-बीना-झांसी के बजाय गुना-ग्वालियर-इटावा रूट से संचालित होगी.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-