जबलपुर. एमपी के जबलपुर में पाटन ग्राम मढ़ पिपरिया गांव में आवारा कुत्तों के आतंक ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है. आज सुबह घर के बाहर बैठी 78 वर्षीय रामवती पर एक आवारा कुत्ते ने हमला कर दिया. कुत्ते ने उनके हाथ-पैर में कई जगह काट लिया, जिससे 12 से ज्यादा घाव हो गए. प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जबलपुर रेफर किया गया है.
बताया गया है कि वृद्धा रामवती सुबह करीब साढ़े 10 बजे घर के बाहर बैठी थीं. इसी दौरान एक आवारा कुत्ता अचानक आया और उनके हाथ पर हमला कर दिया. बुजुर्ग महिला के चीखने पर आसपास के दो युवक मौके पर पहुंचे. उन्होंने लाठी-डंडों की मदद से किसी तरह कुत्ते को भगाया और रामवती को पाटन स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे. डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया. महिला के हाथ में गहरे घाव होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर कर दिया गया.
2 दिन पहले बच्चे पर भी किया हमला-
रामवती की बहू यशोदा बाई ने बताया कि गांव में आवारा कुत्तों का आतंक लंबे समय से है. दो दिन पहले 10 वर्षीय बच्चा घर के बाहर खेल रहा था, तब कुत्तों ने उस पर भी हमला किया था. ग्रामीणों ने समय रहते कुत्तों को भगा दिया, जिससे बच्चा बच गया. ग्रामीणों के मुताबिक कुछ दिन पहले कुत्तों के झुंड ने एक गाय के बछड़े पर भी हमला कर उसे मार दिया था. घरों के बाहर बंधे पालतू जानवरों पर भी कुत्तों के हमले की घटनाएं होती रहती हैं.
गांव में 25-30 आवारा कुत्ते-
यशोदा बाई का कहना है कि गांव में अलग-अलग झुंडों में करीब 25 से 30 आवारा कुत्ते घूमते हैं. रात के समय स्थिति और ज्यादा खराब हो जाती है. बच्चों को घर से बाहर भेजने में भी डर लगता है. ग्रामीणों का आरोप है कि सरपंच और सचिव को कई बार शिकायत की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ. अब बुजुर्ग महिला पर हमले के बाद ग्रामीणों में डर का माहौल है. उनका कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी की जान भी जा सकती है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

