व्हीएफजे को मिली करोंड़ो की सौगात, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह कल करेगे टी-72 टैंक ओवरहाल परियोजना का भूमिपूजन

व्हीएफजे को मिली करोंड़ो की सौगात, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह कल करेगे टी-72 टैंक ओवरहाल परियोजना का भूमिपूजन

प्रेषित समय :15:59:40 PM / Wed, Aug 26th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. जबलपुर में संस्थान व्हीकल फैक्ट्री जबलपुर (व्हीएफजे) में आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह व्हीकल फैक्ट्री में टी-72 टैंक ओवरहाल परियोजना का भूमि पूजन करेंगे. करीब 600 करोड़ रुपए की इस परियोजना को लेकर जिला प्रशासन और फैक्ट्री प्रबंधन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं.

बताया जा रहा है कि रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह गुरुवार सुबह करीब 10 बजे विशेष विमान से दिल्ली से जबलपुर पहुंचेंगे. संभावना है कि मुख्यमंत्री मोहन यादव भी उनके साथ कार्यक्रम में शामिल होंगे. कार्यक्रम में व्हीकल फैक्ट्री के अधिकारियों के अलावा आयुध निर्माणी खमरिया और गन कैरिज फैक्ट्री के अधिकारी भी मौजूद रहेंगे. भारतीय सेना के प्रमुख युद्धक टैंक टी-72 के तकनीकी उन्नयन और ओवरहाल के लिए व्हीकल फैक्ट्री जबलपुर में आधुनिक ढांचा तैयार किया जा रहा है. परियोजना के पूरा होने के बाद टैंकों के रखरखाव और मरम्मत की क्षमता बढ़ेगी. इससे सैन्य बेड़े की परिचालन क्षमता को मजबूती मिलने की उम्मीद है.

व्हीकल फैक्ट्री के गेट नंबर-1 से सुबह करीब 10 बजे मुख्य अतिथियों और अन्य अधिकारियों का आगमन शुरू होगा. इसके बाद दोपहर करीब 1 बजे भूमि पूजन और शिलान्यास कार्यक्रम प्रस्तावित है. कार्यक्रम को लेकर फैक्ट्री परिसर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. प्रवेश द्वार पर आने-जाने वाले लोगों की निगरानी की जा रही है. प्रशासनिक स्तर पर भी आवश्यक अनुमतियां और दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं.

भारी वाहनों की मरम्मत में लगेगा कम समय-

नए संयंत्र के जरिए भारी सैन्य वाहनों और टैंकों के ओवरहाल में लगने वाले समय को कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है. इससे रक्षा उत्पादन और सैन्य उपकरणों के रखरखाव में देश की आत्मनिर्भरता को भी बढ़ावा मिलेगा. परियोजना के जरिए व्हीकल फैक्ट्री जबलपुर में आधुनिक तकनीक और सुविधाओं का विस्तार होगा. इससे आने वाले वर्षों में सैन्य वाहनों के तकनीकी रखरखाव और उन्नयन के क्षेत्र में फैक्ट्री की भूमिका और मजबूत होने की संभावना है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-