जबलपुर. एमपी के जबलपुर में पनागर से गौरीघाट नर्मदा दर्शन के लिए निकली 30 वर्षीय महिला से ऑटो चालक ने दुष्कर्म, मारपीट और लूट की. आरोप है कि ऑटो चालक उसे बैठाकर सुनसान इलाके में ले गया. विरोध करने पर मारपीट और दुष्कर्म किया. आरोपी महिला का मोबाइल लेकर उसे रास्ते में छोड़कर फरार हो गया. महिला को सड़क किनारे रोते देखकर राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आटो चालक आजाद को गिरफ्तार कर लिया है.
पुलिस के अनुसार पनागर क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली महिला बीती सुबह गौरीघाट जाने के लिए घर से निकली थी. इस दौरान आरोपी आजाद सवारी छोड़कर पनागर रेलवे स्टेशन से लौट रहा था. उसने महिला को अकेला देखा और शहर जाने की बात कहकर ऑटो में बैठा लिया. कुछ दूर जाने के बाद आरोपी ने ऑटो सुनसान रास्ते की ओर मोड़ दिया. महिला ने विरोध किया तो उसने मारपीट की और दुष्कर्म किया. महिला आरोपी को नहीं जानती थी. उसे ऑटो का नंबर भी याद नहीं था. आरोपी तक पहुंचने के लिए पुलिस ने पनागर और हाईवे क्षेत्र के 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले. फुटेज में नीले रंग के ऑटो में लाल साड़ी पहने महिला दिखाई दी. सीएसपी राजेश्वरी कौरव ने बताया कि पुलिस ने ऑटो का नंबर ट्रेस कर उसके मालिक और ड्राइवर की जानकारी जुटाई. इसके बाद टीम ने हनुमानताल पहुंचकर आरोपी आजाद को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने ऑटो भी जब्त कर लिया है.
परिजनों को बिना बताए पैदल निकली थी-
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि 30 वर्षीय महिला के पति होटल में काम करते हैं. महिला 24 अगस्त की शाम सास-ससुर को बिना बताए घर से पैदल निकल गई थी. बताया जा रहा है कि महिला दिमागी रूप से थोड़ी कमजोर भी है. महिला मेन रोड पर पहुंची, तभी आरोपी आजाद वहां से गुजर रहा था. वह जबलपुर से सवारी लेकर पनागर रेलवे स्टेशन आया था. सवारी छोडऩे के बाद जब वह वापस जा रहा था, तभी उसे महिला पैदल जाते हुए दिखाई दी.
हाईवे की सर्विस रोड पर ले जाकर मारपीट कर रेप-
इसके बाद आजाद ऑटो को हाईवे की सर्विस रोड पर ले गया. वहां उसने महिला के साथ मारपीट कर रेप किया. इसके बाद उसका मोबाइल लूट लिया, ताकि वह परिवार या पुलिस को फोन न कर सके. घटना के बाद आरोपी महिला को वहीं छोड़कर फरार हो गया.
महिला को रोता देख लोगों ने पुलिस को कॉल किया-
महिला को कुछ लोगों ने सड़क के किनारे रोते हुए देखा. उन्होंने फौरन डायल 112 पर कॉल किया. कुछ ही देर बाद महिला को थाने लाया गया, जहां उसने पुलिस को पूरी घटना बताई. पुलिस ने ऑटो जब्त कर आरोपी के खिलाफ रेप और लूट की धाराओं में मामला दर्ज किया है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

