एमपी के ब्यावरा में ब्रिज की सेफ्टी वॉल से टकराई बस, 4 की मौत, मृतकों में कर्नाटक पुलिस का एसआई भी शामिल

एमपी के ब्यावरा में ब्रिज की सेफ्टी वॉल से टकराई बस, 4 की मौत, मृतकों में कर्नाटक पुलिस का एसआई भी शामिल

प्रेषित समय :13:04:21 PM / Fri, Aug 28th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

ब्यावरा, राजगढ़. मध्य प्रदेश के राजगढ़ के ब्यावरा में भोपाल बायपास ब्रिज पर शुक्रवार सुबह करीब 8.30 बजे तेज रफ्तार बस अनियंत्रित हो गई. ब्रिज कर्व होने के कारण बस दीवार से टकरा गई. ऊपर की स्लीपर सीटों पर सवार लोग खिड़कियां टूटने से ब्रिज के नीचे गिर गए. कुछ लोग ब्रिज पर भी गिरे.

बस कानपुर से इंदौर आ रही थी. हादसा इतना भीषण था कि बस के परखच्चे उड़ गए. 4 यात्रियों की मौत हो गई, इनमें ड्राइवर और बेंगलुरु के सायबर पुलिस का सब इंस्पेक्टर भी शामिल हैं. हादसे में 11 लोग घायल हुए हैं. इनमें 4 की हालत गंभीर बताई जा रही है. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. सड़क पर लाशें औंधे मुंह पड़ी थीं. पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं. स्थानीय लोगों की मदद से बस से यात्रियों को बाहर निकाला गया. सभी घायलों को ब्यावरा के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज शुरू किया गया. गंभीर घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद भोपाल रेफर किया गया है.

आरोपी को पकडऩे आ रही थी बेंगलुरु सायबर टीम

हादसे में अपनी जान गंवाने वाले सायबर इंस्पेक्टर रवि केबी पिता बसप्पा जो बेंगलुरु में पदस्थ थे. एक आरोपी को पकडऩे वे अपनी टीम के साथ इंदौर आ रहे थे. टीम के विश्वनाथ पिता मोहन और रमेश पिता पंडप्पा घायल हुए हैं.

ब्रिज कर्व पर है, इस कारण हादसे की आशंका

एसपी अमित तोलानी ने बताया कि प्रथम दृष्टया ओवर स्पीड का मामला लग रहा है. ब्रिज कर्व है, इस कारण हादसा हुआ है. जांच की जा रही है. गंभीर घायलों को भोपाल रेफर किया जा चुका है. पुलिस मृतकों की पहचान की प्रक्रिया में जुटी है. घटना की जानकारी मिलने पर राज्यमंत्री नारायण सिंह पंवार और एसपी अमित तोलानी सिविल अस्पताल पहुंचे. उन्होंने घायलों से मुलाकात कर उनका हाल जाना. अधिकारियों ने डॉक्टरों से घायलों के उपचार और उनकी स्थिति की जानकारी ली. मंत्री नारायण सिंह पंवार ने कहा- ब्रिज में जो कर्व है, उसके लिए संकेतक ब्रेकर के लिए बात करेंगे. जो लोग हादसे का शिकार हुए हैं उनके प्रति हमारी संवेदना है. घायलों को उचित उपचार उपलब्ध कराने के लिए अस्पताल प्रबंधन को निर्देशित किया गया. है. जल्दी सब स्वस्थ हों, ऐसी कामना है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-