ओरछा में 30 व 31 को हो रही एमपी भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक मिशन-2028 व Gen-G पर रहेगा फोकस

ओरछा में 30 व 31 को हो रही एमपी भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक मिशन-2028 व  Gen-G पर रहेगा फोकस

प्रेषित समय :14:49:31 PM / Fri, Aug 28th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

भोपाल. रक्षाबंधन के बाद मध्य प्रदेश भाजपा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक राम राजा की नगरी ओरछा में आयोजित है. यह बैठक 30 और 31 अगस्त को ओरछा के प्रतिष्ठित राजमहल पैलेस होटल और राजविलास होटल में होगी. प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के नेतृत्व में यह पहली कार्यसमिति की बैठक होगी, ऐसे में संगठन के लिहाज से इसे बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के नेतृत्व में होने वाली इस बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी विधानसभा चुनाव मिशन-2028 के लिए संगठनात्मक रोडमैप तैयार करना है. बैठक में लंबी अवधि की रणनीति तैयार की जाएगी और अगले तीन महीनों के अभियानों व कार्यक्रमों का भी खाका खींचा जाएगा.

बीते दिनों दिल्ली और फिर अन्य राज्यों में हुए घटनाक्रम को देखते हुए भाजपा का फोकस डिजिटल माध्यम से युवा पीढ़ी पर रहेगा. युवा मतदाता को संगठन से जोडऩे के लिए लंबे भाषणों के बजाय इंस्टाग्राम रील्स, यूट्यूब शॉर्ट्स और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स के जरिए सरकारी योजनाओं और विचारधारा के प्रचार की रणनीति पर विचार किया जाएगा. नई पीढ़ी तक प्रभावी ढंग से पहुंचने के लिए उनके स्टाइल, पसंद और डिजिटल व्यवहार पर भी फोकस रहेगा.

बैठक में स्थानीय निकाय और सहकारिता चुनावों को लेकर भी रणनीति तय की जा सकती है. राज्य की राजनीतिक व चुनावी चुनौतियों पर भी मंथन किया जा सकता है. आने वाले संगठनात्मक कार्यक्रमों और राजनीतिक रणनीति पर चर्चा होने की प्रबल संभावना है. मोहन सरकार की योजनाओं को आम लोगों तक और कैसे पहुंचाया जाए इस पर भी जोर रहेगा.

इसके अलावा दतिया उपचुनाव में मिली हार के राजनीतिक कारणों की समीक्षा की जाएगी और हर बूथ, सबसे मजबूत अभियान को और बुलंद करने पर फोकस रहेगा, ताकी आने वाले समय में ऐसी परिस्थितियां निर्मित ना हो. पार्टी का लक्ष्य चुनाव से पहले संगठन को सक्रिय कर जमीनी स्तर पर अपनी पकड़ मजबूत करने पर है.
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-