जन्मदिन पर विशेष / फ़िराक़ गोरखपुरी: प्रेम, विरह और हिंदुस्तानी आत्मा का शायर

जन्मदिन पर विशेष / फ़िराक़ गोरखपुरी: प्रेम, विरह और हिंदुस्तानी आत्मा का शायर

प्रेषित समय :14:38:41 PM / Sat, Aug 29th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

राजेश कुमार सिन्हा 

रघुपति सहाय ‘फ़िराक़’ को याद करना केवल उर्दू के एक महान शायर को याद करना नहीं है. फ़िराक़ उस भारतीय सांस्कृतिक चेतना का नाम है जिसमें अनेक भाषाएँ, अनेक परंपराएं, अनेक स्मृतियाँ और अनेक जीवनानुभव एक-दूसरे में घुलते-मिलते हैं. वे उर्दू के कवि थे, लेकिन उनकी कविता का सांस्कृतिक भूगोल किसी एक भाषा या समुदाय तक सीमित नहीं था. उसमें गोरखपुर की मिट्टी थी, भारतीय ऋतुओं की गंध थी, लोकजीवन की धड़कन थी, संस्कृत और हिंदी की सांस्कृतिक स्मृतियाँ थीं, फ़ारसी-उर्दू की काव्य-परंपरा थी और अंग्रेज़ी साहित्य से अर्जित आधुनिक दृष्टि भी. उनकी कविता को पढ़ते हुए लगता है कि भारत की बहुलतावादी आत्मा ने उर्दू की भाषा में अपने लिए एक  संवेदनशील  स्वर खोज लिया हो. 28 अगस्त 1896 को गोरखपुर में जन्मे रघुपति सहाय ने अपने लिए ‘फ़िराक़’ नाम चुना. फ़िराक़ अर्थात विरह, बिछोह, जुदाई. यह नाम आगे चलकर उनके काव्य-व्यक्तित्व का जैसे एक गहरा रूपक बन गया. प्रेम और विरह उनकी कविता के दो अलग-अलग छोर नहीं हैं, बल्कि एक ही अनुभूति के दो रूप हैं. मिलन में भी उन्हें बिछोह की आशंका दिखाई देती है और बिछोह में मिलन की स्मृति, उनकी शायरी की कोमलता का स्रोत शायद इसी द्वंद्व में है. जीवन को जितना उन्होंने निकट से महसूस किया, उतना ही उसकी क्षणभंगुरता को भी पहचाना.फ़िराक़ का जन्म ऐसे समय में हुआ था जब भारत औपनिवेशिक शासन के विरुद्ध धीरे-धीरे राजनीतिक चेतना के एक नए दौर में प्रवेश कर रहा था.

उनके पिता मुंशी गोरख प्रसाद ‘इबरत’ स्वयं उर्दू-फ़ारसी के विद्वान और शायर थे, कहते हैं कि घर का साहित्यिक वातावरण उनके व्यक्तित्व के निर्माण में महत्त्वपूर्ण रहा. आगे चलकर उन्होंने अंग्रेज़ी साहित्य का गंभीर अध्ययन किया और भारतीय सिविल सेवा की परीक्षा भी उत्तीर्ण की, किंतु महात्मा गांधी के असहयोग आंदोलन के प्रभाव में उन्होंने सरकारी सेवा का मार्ग छोड़ दिया. स्वतंत्रता आंदोलन में भाग लेने के कारण उन्हें जेल भी जाना पड़ा. यह प्रसंग उनके व्यक्तित्व के उस पक्ष को सामने लाता है जिसमें साहित्य और जीवन अलग-अलग खानों में विभाजित नहीं थे. उनके लिए रचनात्मकता जीवन से बाहर खड़ी हुई कोई विलासिता नहीं थी; वह जीवन के संघर्षों और प्रश्नों से पैदा होने वाली बेचैनी थी.स्वतंत्रता आंदोलन के बाद उनका लंबा अकादमिक जीवन इलाहाबाद विश्वविद्यालय में अंग्रेजी साहित्य के अध्यापक के रूप में बीता. इलाहाबाद उस समय भारतीय साहित्य और राजनीति का एक महत्त्वपूर्ण केंद्र था. हिंदी, उर्दू और अंग्रेज़ी के बीच जिस सांस्कृतिक संवाद की आवश्यकता आज हमें विशेष रूप से महसूस होती है, फ़िराक़ उसे अपने जीवन में जी रहे थे. वे अंग्रेज़ी साहित्य के अध्येता थे, किंतु उनकी आत्माभिव्यक्ति की सबसे सशक्त भाषा उर्दू बनी. वर्ड्सवर्थ, शेली, कीट्स और अंग्रेजी रोमांटिक काव्य-परंपरा से उनका परिचय था, लेकिन उनके भीतर मीर और ग़ालिब की परंपरा भी उतनी ही गहरी थी. इन दोनों स्रोतों का रचनात्मक संयोग उनकी कविता को विशिष्ट बनाता है.

फ़िराक़ की कविता में भारतीयता किसी घोषित विचारधारा की तरह नहीं आती बल्कि वह उनके अनुभव का स्वाभाविक हिस्सा है. उनकी कविताओं में सावन आता है, वर्षा आती है, रात आती है, चांदनी उतरती है, फूल खिलते हैं, लोक-स्मृतियाँ जागती हैं. कृष्ण और राधा जैसे सांस्कृतिक प्रतीक भी उनके काव्य-संसार में सहज रूप से प्रवेश करते हैं. यह भारतीयता न तो सांस्कृतिक प्रदर्शन है और न किसी प्रकार की राजनीतिक घोषणा. यह उस साझा जीवन-संसार की स्मृति है जिसमें भारतीय भाषाएँ सदियों से एक-दूसरे को प्रभावित करती रही हैं.

यही कारण है कि फ़िराक़ उर्दू को केवल फ़ारसी-अरबी शब्दावली से निर्मित भाषा के रूप में नहीं देखते. उनके लिए उर्दू हिंदुस्तान की मिट्टी में पैदा हुई भाषा है, उन्होंने उर्दू कविता में हिंदी और लोक भाषाओं के शब्दों, बिंबों और सांस्कृतिक संकेतों को जिस सहजता से बरता, वह उनके काव्य-विवेक का महत्त्वपूर्ण हिस्सा है. उनके यहाँ भाषा की शुद्धता से अधिक जीवन की प्रामाणिकता महत्त्वपूर्ण है. उनकी कविता की हिंदुस्तानी ज़मीन इसी कारण इतनी व्यापक है कि उसमें पाठक अपनी सांस्कृतिक स्मृतियों को पहचान सकता है.

फ़िराक़ की सबसे बड़ी रचनात्मक उपलब्धियों में उनकी ग़ज़ल का नया संस्कार शामिल है. ग़ज़ल की अपनी एक लंबी परंपरा है मीर से ग़ालिब तक प्रेम, विरह, तन्हाई, शराब, महबूब, रक़ीब और फ़ना जैसे प्रतीक उसके स्थायी संसार का हिस्सा रहे हैं. फ़िराक़ इस परंपरा को तोड़ते नहीं, बल्कि उसके भीतर आधुनिक अनुभव की जगह बनाते हैं. उनके यहाँ प्रेम केवल महबूब की तलाश नहीं रह जाता; वह मनुष्य की संपूर्ण अस्तित्वगत बेचैनी का रूप ग्रहण कर लेता है.

उनकी प्रसिद्ध पंक्ति “ये माना ज़िंदगी है चार दिन की” जैसी अभिव्यक्तियों में जीवन की क्षणभंगुरता और उसके प्रति एक गहरी आत्मीय स्वीकृति दिखाई देती है. फ़िराक़ के यहाँ मृत्यु का बोध जीवन-विरोधी नहीं है बल्कि इसके उलट, नश्वरता ही जीवन और प्रेम को अधिक मूल्यवान बनाती है. जो क्षण बीत रहा है, वही सबसे अधिक सुंदर है; जो संबंध टूट सकता है, उसी में निकटता की तीव्रता है और इसलिए उनकी प्रेम-कविता में एक साथ उल्लास और उदासी दिखाई देती है.फ़िराक़ का प्रेम-संसार देह से होकर आत्मा तक जाता है साथ ही उन्होंने प्रेम को किसी अमूर्त आध्यात्मिक अवधारणा में बदलकर उसकी देहात्मकता को नकारा नहीं. स्पर्श, रूप, गंध, आँखें, बाल, रात, चाँदनी ये सभी उनकी कविता में प्रेम की भौतिक उपस्थिति को रचते हैं. लेकिन देह उनके यहाँ मात्र भोग की वस्तु नहीं है, वह स्मृति और अनुभूति का माध्यम है. उनके लिए सौंदर्य का अनुभव मनुष्य के भीतर किसी गहरी मानवीय आकांक्षा को जगाता है. इसी कारण उनकी प्रेम-कविता में कामना और करुणा साथ-साथ चलती हैं.

यहाँ फ़िराक़ की कविता का एक अत्यंत आधुनिक पक्ष सामने आता है. वे प्रेम को नैतिक उपदेशों या सामाजिक निषेधों से मुक्त करके मानवीय अनुभव के रूप में देखते हैं. प्रेम में इच्छा है, असुरक्षा है, स्मृति है, अकेलापन है और खो देने का भय भी शायद इसीलिए उनका प्रेम केवल रोमांटिक नहीं, अस्तित्ववादी भी है. प्रेम के बहाने वे बार-बार मनुष्य के उस अकेलेपन तक पहुँचते हैं जहाँ कोई दूसरा मनुष्य पूरी तरह उसके साथ नहीं हो सकता.

फ़िराक़ की प्रकृति-दृष्टि भी इसी संदर्भ में उल्लेखनीय है. प्रकृति उनके यहाँ केवल सौंदर्य का दृश्य नहीं, मनःस्थिति का विस्तार है. बारिश केवल बारिश नहीं; वह स्मृति जगाती है. रात केवल अँधेरा नहीं; वह आत्मसंवाद का समय है. चांदनी केवल प्रकाश नहीं; वह प्रेम और अकेलेपन दोनों को एक साथ प्रकाशित करती है. ऋतुएँ उनके काव्य में मनुष्य की भावनाओं की ऋतुएँ बन जाती हैं. इस अर्थ में उनकी प्रकृति-कविता रोमांटिक परंपरा से जुड़ती हुई भी भारतीय जीवनानुभव में अपनी अलग जमीन बनाती है.फ़िराक़ को केवल प्रेम और सौंदर्य का शायर मानना इसलिए उचित नहीं होगा कि उनके कृतित्व में सामाजिक और राजनीतिक चेतना भी समान रूप से उपस्थित है. वे प्रगतिशील साहित्यिक चेतना से जुड़े रहे और उनके यहाँ अपने समय के सामाजिक अंतर्विरोधों, मनुष्य की पीड़ा और परिवर्तन की आकांक्षा की स्पष्ट अभिव्यक्ति मिलती है. लेकिन उनका प्रगतिवाद नारेबाजी का प्रगतिवाद नहीं है,वे कविता को राजनीतिक घोषणापत्र में बदलने के बजाय मनुष्य की संवेदना को व्यापक बनाते हैं. उनके लिए समाज परिवर्तन का पहला आधार मनुष्य के भीतर की संवेदना है.यही कारण है कि फ़िराक़ की कविता में प्रेम और सामाजिकता एक-दूसरे के विरोधी नहीं हैं. ऐसा कहते हैं कि जो कवि प्रेम में मनुष्य की नाजुकता को पहचानता है, वही सामाजिक अन्याय के प्रति भी संवेदनशील हो सकता है. फ़िराक़ के यहाँ इश्क़ और इंसानियत एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं. उनका प्रेम निजी होकर भी सामाजिक अर्थ ग्रहण करता है और उनकी सामाजिक चेतना भावुक होकर भी मानवीय बनी रहती है.

उनका काव्य-संग्रह ‘गुल-ए-नग़्मा’ इस समूची रचनात्मक यात्रा का एक महत्त्वपूर्ण पड़ाव है. इसी कृति के लिए उन्हें 1969 में ज्ञानपीठ पुरस्कार मिला और वे उर्दू के पहले ज्ञानपीठ पुरस्कार प्राप्त लेखक बने. इससे पहले उन्हें साहित्य अकादमी पुरस्कार और भारत सरकार का पद्म भूषण भी मिल चुका था. लेकिन पुरस्कारों से अधिक महत्त्वपूर्ण वह साहित्यिक परिवर्तन है जिसे फ़िराक़ ने संभव किया. उन्होंने उर्दू कविता को परंपरा के भीतर रहते हुए आधुनिक अनुभव का विस्तार दिया.

‘गुल-ए-नग़्मा’ को पढ़ते हुए फ़िराक़ की कविता के कई रंग एक साथ दिखाई देते हैं. प्रेम है, विरह है, प्रकृति है, जीवन की क्षणभंगुरता है, स्मृति है, सामाजिक चेतना है और एक गहरी दार्शनिक बेचैनी भी है. वे जीवन को किसी एक निष्कर्ष में बाँधने के बजाय उसकी जटिलताओं के साथ स्वीकार करते हैं. शायद इसी कारण उनकी कविता में कोई अंतिम उत्तर नहीं मिलता; उसके बजाय प्रश्न और अनुभूति की एक लंबी प्रतिध्वनि मिलती है.

फ़िराक़ का गद्य भी उनके काव्य व्यक्तित्व जितना ही महत्त्वपूर्ण है. ‘उर्दू की इश्क़िया शायरी’, ‘अंदाज़े’, ‘हाशिये’ और ‘बज़्म-ए-ज़िंदगी रंग-ए-शायरी’ जैसी कृतियों में उनका आलोचक रूप सामने आता है. वे साहित्य को केवल भावुकता का क्षेत्र नहीं मानते थे बल्कि साहित्य के इतिहास, सौंदर्यशास्त्र और काव्य-परंपरा पर उनकी गंभीर दृष्टि थी. अंग्रेज़ी साहित्य के अध्येता होने के कारण उनकी आलोचनात्मक दृष्टि में तुलनात्मकता भी थी. वे भारतीय और पाश्चात्य साहित्यिक परंपराओं के बीच संवाद स्थापित करते दिखाई देते हैं.उनका व्यक्तित्व उनकी कविता जितना ही आकर्षक और जटिल था. वे बेबाक थे, अपने विचारों को लेकर मुखर थे और अपनी विद्वत्ता से परिचित थे. उनमें गजब का आत्मविश्वास था, कभी-कभी यह आत्मविश्वास अहं की सीमा तक भी पहुँच जाता था. उनके संस्मरणों में उनका एक ऐसा व्यक्तित्व सामने आता है जो सम्मोहक भी है और असहज करने वाला भी. लेकिन शायद किसी बड़े रचनाकार को समझने के लिए उसके व्यक्तित्व की इन जटिलताओं को स्वीकार करना जरूरी है. साहित्यकार को उसकी रचना से अलग करके भी नहीं देखा जा सकता और केवल उसकी निजी कमजोरियों के आधार पर उसकी रचना को खारिज भी नहीं किया जा सकता.

फ़िराक़ के जीवन में निजी दुख, अकेलापन और संबंधों की जटिलताएँ थीं. उनका साहित्य इन अनुभवों से मुक्त नहीं है. बल्कि उनकी कविता की करुणा का एक स्रोत इन्हीं अनुभवों में खोजा जा सकता है. यह भी सच है कि निजी पीड़ा को साहित्य में बदल देना अपने आप में रचनात्मक उपलब्धि नहीं है, उपलब्धि तब होती है जब निजी पीड़ा सामूहिक मानवीय अनुभव बन जाए और फ़िराक़ यही करते हैं. उनकी अपनी रात धीरे-धीरे पाठक की रात बन जाती है, उनका अपना विरह किसी भी प्रेम करने वाले मनुष्य का विरह हो जाता है.

फ़िराक़ की तुलना अक्सर मीर और ग़ालिब से की जाती है. ऐसी तुलना में सावधानी आवश्यक है, क्योंकि प्रत्येक कवि का अपना समय और अपना काव्य-संसार होता है. फिर भी परंपरा की दृष्टि से देखें तो मीर का दर्द, ग़ालिब की बौद्धिक बेचैनी और आधुनिक भारतीय मनुष्य की संवेदना फ़िराक़ के यहाँ एक नए रूप में मिलती है. उन्होंने शास्त्रीय ग़ज़ल को आधुनिक जीवन की मनःस्थितियों से जोड़ा. उनके यहाँ पुरानी काव्य-भाषा में नया मन बोलता है और उनकी भाषा का संगीत इस प्रक्रिया में विशेष महत्त्व रखता है. फ़िराक़ शब्दों को केवल अर्थ के लिए नहीं चुनते; वे ध्वनि और लय के स्तर पर भी शब्दों से काम लेते हैं. उनकी कविता पढ़ते हुए कई बार अर्थ से पहले उसका संगीत पाठक को छूता है, यही उनकी शायरी की मौखिक शक्ति है. वह सुनाई देने वाली कविता है.ग़ज़ल की गायकी और पाठ की परंपरा में फ़िराक़ के शब्द सहज बैठते हैं, क्योंकि उनके भीतर स्वाभाविक संगीत है.

फ़िराक़ के यहाँ ‘हिंदुस्तान’ कोई भौगोलिक शब्द भर नहीं है. वह एक सांस्कृतिक अनुभव है. उनकी कविता में जिस भारत की छवि बनती है, वह मंदिर-मस्जिद के राजनीतिक द्वंद्व से कहीं बड़ा है. वह ऋतुओं, लोकगीतों, भाषाओं, प्रेम, स्मृतियों और साझी सांस्कृतिक परंपराओं से निर्मित भारत है. आज जब भाषाओं और संस्कृतियों को अलग-अलग खाँचों में देखने की प्रवृत्ति बढ़ रही है, फ़िराक़ का साहित्य हमें उस भारत की याद दिलाता है जहाँ भाषा पहचान की दीवार नहीं, संवाद का रास्ता थी.

फ़िराक़ की यही धर्मनिरपेक्ष और बहुलतावादी चेतना उन्हें वर्तमान समय में भी प्रासंगिक बनाती है. उर्दू को किसी एक समुदाय की भाषा मानने वाली संकीर्ण दृष्टि के सामने उनका पूरा कृतित्व एक सशक्त उत्तर है. उन्होंने उर्दू में भारतीय मिथकों और सांस्कृतिक प्रतीकों का इस्तेमाल करके यह प्रमाणित किया कि भाषा का सांस्कृतिक संसार किसी धार्मिक सीमा से बँधा नहीं होता. एक हिंदुस्तानी कवि के लिए उर्दू उतनी ही अपनी हो सकती है जितनी हिंदी, और हिंदी की सांस्कृतिक स्मृति उतनी ही उर्दू कविता की संपत्ति हो सकती है जितनी हिंदी कविता की.फ़िराक़ का महत्व इसी साझा सांस्कृतिक विरासत के कारण और बढ़ जाता है. वे उस पीढ़ी के कवि थे जिसने गुलामी देखी, स्वतंत्रता का सपना देखा, स्वतंत्रता आंदोलन में हिस्सा लिया, आज़ादी प्राप्त की और फिर स्वतंत्र भारत के बदलते सामाजिक-सांस्कृतिक यथार्थ को देखा. इसलिए उनका साहित्य बीसवीं सदी के भारतीय अनुभव का एक महत्त्वपूर्ण दस्तावेज भी है. लेकिन उनका साहित्य केवल दस्तावेज बनकर नहीं रह गया. उसमें जीवन का वह रस और वे प्रश्न हैं जो समय बदलने पर भी मनुष्य के भीतर बने रहते हैं.

फ़िराक़ की सबसे बड़ी शक्ति शायद यही है कि वे अपने समय से बाहर निकलने की कोशिश नहीं करते, फिर भी अपने समय में कैद नहीं होते. उनकी कविता में आधुनिक भारत की आकांक्षाएँ हैं, लेकिन साथ ही सदियों पुरानी प्रेम-परंपरा भी है. उसमें आधुनिक मनुष्य का अकेलापन है, लेकिन भारतीय ऋतुचक्र की पुरानी स्मृतियाँ भी हैं. उसमें सामाजिक परिवर्तन की बेचैनी है, लेकिन सौंदर्य के सामने ठहर जाने की क्षमता भी है. यही विरोधाभास उनकी कविता को जीवन देता है.फ़िराक़ को पढ़ते हुए अंततः जिस चीज़ से हमारा सामना होता है, वह ‘मनुष्य’ है और न उसका धर्म सबसे पहले आता है, न उसकी भाषा, न उसकी सामाजिक पहचान. सबसे पहले आती है उसकी संवेदना ,उसकी चाहत, उसकी उदासी, उसकी स्मृति, उसका अकेलापन और किसी दूसरे मनुष्य तक पहुँचने की उसकी बेचैन कोशिश. फ़िराक़ की कविता इसी मानवीय आकांक्षा की कविता है.उनकी काव्य-यात्रा में ‘फ़िराक़’ अर्थात विरह एक स्थायी धुन की तरह उपस्थित है,लेकिन यह विरह केवल प्रेमियों के बीच की दूरी नहीं है. यह मनुष्य और मनुष्य के बीच की दूरी है, मनुष्य और उसके सपनों के बीच की दूरी है, अतीत और वर्तमान के बीच की दूरी है, और शायद मनुष्य और स्वयं अपने भीतर के संसार के बीच की दूरी भी. इसीलिए फ़िराक़ की कविता का दर्द निजी होकर भी सार्वभौमिक हो जाता है. यह कहने में कोई अतिशयोक्ति नहीं होगी कि  फ़िराक़ गोरखपुरी का अंत उनके जीवन के साथ नहीं हुआ. उनकी कविता में उनका समय, उनकी भाषा, उनका प्रेम, उनका अकेलापन और उनकी भारतीयता आज भी जीवित है. वे हमें यह याद दिलाते हैं कि कविता अंततः किसी भाषा या साहित्यिक परंपरा की सीमित संपत्ति नहीं होती,वह मनुष्य की साझी स्मृति होती है.फ़िराक़ गोरखपुरी को इसी साझी स्मृति के कवि के रूप में पढ़ना चाहिए. वे उर्दू के कवि हैं, लेकिन केवल उर्दू के नहीं; वे प्रेम के कवि हैं, लेकिन केवल प्रेम के नहीं; वे प्रगतिशील चेतना के कवि हैं, लेकिन केवल किसी विचारधारा के नहीं. वे उस हिंदुस्तानी आत्मा के कवि हैं जिसमें गोरखपुर की मिट्टी से लेकर आधुनिक विश्वविद्यालय तक, मीर की ग़ज़ल से लेकर कीट्स की कविता तक और विरह की निजी पीड़ा से लेकर मनुष्य की सार्वभौमिक करुणा तक असंख्य अनुभव एक साथ साँस लेते हैं.

और शायद यही फ़िराक़ की सबसे बड़ी उपलब्धि है कि उन्होंने विरह को केवल दुख नहीं रहने दिया. उसे उन्होंने कविता बना दिया, स्मृति बना दिया, सौंदर्य बना दिया और अंततः मनुष्य को मनुष्य से जोड़ने वाली एक ऐसी भाषा में बदल दिया जो समय के पार भी सुनी जा सकती है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-