ग्वालियर. रेलवे की ओर से आगामी जन्माष्टमी के पर्व को ध्यान में रखते हुए वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी से मथुरा के बीच अनारक्षित विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी. इन ट्रेनों का फायदा ग्वालियर, डबरा, दतिया, मुरैना और धौलपुर के यात्रियों को मिलेगा. दोनों ट्रेनों में केवल अनारक्षित श्रेणी के कोच होंगे, इसलिए श्रद्धालु सामान्य टिकट लेकर यात्रा कर सकेंगे. ट्रेन क्रमांक 01825 वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-मथुरा अनारक्षित विशेष ट्रेन तीन सितंबर को शाम 7:20 बजे झांसी से रवाना होगी. ट्रेन ग्वालियर में रात 9:15 से 9:20 बजे तक रुकेगी.
इसके बाद ट्रेन रात 12:25 बजे मथुरा जंक्शन पहुंचेगी. वापसी में ट्रेन क्रमांक 01826 चार सितंबर को मथुरा से सुबह 5:30 बजे चलेगी. यह आगरा कैंट, धौलपुर, मुरैना, ग्वालियर, डबरा और दतिया होते हुए सुबह 11:15 बजे वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी पहुंचेगी. ग्वालियर में इसका ठहराव 8:30 से 8:35 बजे रहेगा. इसी प्रकार ट्रेन क्रमांक 01827 चार सितंबर को वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी से सुबह 11:45 बजे रवाना होगी और ग्वालियर में दोपहर 1:25 से 1:30 बजे तक रुकेगी. ये ट्रेन शाम 5:10 बजे मथुरा पहुंचेगी.
दोनों विशेष ट्रेनों में लगेंगे 12 कोच
वापसी में ट्रेन क्रमांक 01828 मथुरा से शाम 7:30 बजे रवाना होकर रात्रि 10:35 से 10:40 बजे ग्वालियर व रात एक बजे वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी पहुंचेगी. दोनों विशेष ट्रेनों में कुल 12 कोच लगाए जाएंगे. इनमें 10 सामान्य श्रेणी और 2 सेकेंड सिटिंग के अनारक्षित कोच शामिल होंगे. यात्रियों को इन ट्रेनों में सफर के लिए अनारक्षित टिकट की सुविधा मिलेगी. जन्माष्टमी के दौरान मथुरा-वृंदावन जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए इन ट्रेनों से खासतौर पर ग्वालियर-चंबल क्षेत्र से अतिरिक्त यात्रा विकल्प उपलब्ध होगा.
ग्वालियर तक आएगी नई दिल्ली-आगरा कैंट इंटरसिटी
रेलवे ने अतिरिक्त यात्री दबाव को संभालने के लिए नई दिल्ली-आगरा कैंट इंटरसिटी का तीन से आठ सितंबर तक ग्वालियर तक विस्तार किया है. ट्रेन क्रमांक 14212 नई दिल्ली से शाम 5:40 बजे चलकर आगरा, धौलपुर और मुरैना होते हुए अगले दिन रात 1:10 बजे ग्वालियर पहुंचेगी. वापसी में ट्रेन क्रमांक 14211 आगरा कैंट–नई दिल्ली इंटरसिटी चार से आठ सितंबर तक ग्वालियर से चलेगी. यह ट्रेन ग्वालियर से रात 2:30 बजे रवाना होकर सुबह 10 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी.
अमृतसर-नांदेड़ स्पेशल ट्रेन का ग्वालियर में 5 मिनट ठहराव
यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने अमृतसर और हजूर साहिब नांदेड़ के बीच ट्रेन आन डिमांड के तहत आरक्षित विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है. ट्रेन क्रमांक 04642 अमृतसर–हजूर साहिब नांदेड़ विशेष ट्रेन 31 अगस्त को रात 8:10 बजे अमृतसर से रवाना होगी. ये ब्यास, जालंधर सिटी, फगवाड़ा, लुधियाना, सरहिंद और राजपुरा होते हुए अगले दिन अंबाला कैंट, पानीपत, दिल्ली सफदरजंग, मथुरा और आगरा कैंट पहुंचेगी. इसके बाद सुबह 9:05 बजे ग्वालियर आएगी और 9:10 बजे रवाना होगी. यहां से ट्रेन वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी पहुंचेगी, जहां इसका ठहराव 10:45 से 10:55 बजे तक रहेगा.
विशेष ट्रेन में रहेंगे कुल 24 आईसीएफ कोच
इसके बाद ट्रेन बीना, भोपाल, इटारसी, खंडवा, भुसावल, मनमाड, नगर्सुई, छत्रपति संभाजीनगर, जालना, परभणी और पूर्णा होते हुए अगले दिन सुबह 11 बजे हजूर साहिब नांदेड़ पहुंचेगी. वापसी में ट्रेन क्रमांक 04641 नांदेड-अमृतसर विशेष ट्रेन छह सितंबर को रात नौ बजे नांदेड़ से रवाना होगी. ये ट्रेन विभिन्न स्टेशनों से होते हुए सात सितंबर की शाम शाम 6:50 बजे झांसी और ग्वालियर में रात 8:05 बजे पहुंचेगी. विशेष ट्रेन में कुल 24 आईसीएफ कोच रहेंगे. इनमें 18 स्लीपर, चार सामान्य श्रेणी और दो एसएलआर कोच शामिल हैं.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

