जबलपुर। एमपी के जबलपुर में दमोहनाका शराब दुकान के पास देर रात आपसी विवाद ने खूनी रूप ले लिया। झगड़ा होते देख बीच बचाव करने आए प्रापर्टी ब्रोकर गौरव गुप्ता पर ठेला लगाने वाले एक युवक ने चाकू से ताबड़तोड़ कई जानलेवा वार कर दिए। हमले में गौरव के शरीर पर गंभीर चोटें आई है। जिसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पर गौरव की हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, शंकर शाह नगर निवासी गौरव गुप्ता 38 वर्ष पेशे से प्रापर्टी ब्रोकर है। बीती रात वह अपने दोस्त अंशुल, आलोक और सत्यम के साथ दमोहनाका स्थित शराब दुकान के समीप खड़े होकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान वहां ठेला लगाने वाला गन्नू पटेल नामक व्यक्ति पहुंचा और किसी बात को लेकर अंशुल से बहस करने लगा। देखते ही देखते दोनों के बीच का विवाद काफी बढ़ गया और माहौल तनावपूर्ण होने लगा। अंशुल और गन्नू पटेल के बीच बढ़ता हुआ विवाद देखकर गौरव गुप्ता ने मामले में दखल दिया और बीच-बचाव करने का प्रयास किया। वह आरोपी गन्नू पटेल को समझाने और झगड़ा खत्म करने की बात कहने लगा। लेकिन, गौरव का बीच-बचाव करना और उसे समझाना आरोपी को नागवार गुजरा। इस बात से आरोपित गन्नू पटेल और अधिक आक्रोशित हो गया। गन्नू पटेल नेआरोपित ने गुस्से में आकर चाकू निकाल कर गौरव गुप्ता पर ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिए। इस अचानक हुए हमले से गौरव संभल भी नहीं सका और आरोपी ने उसके पेट, सीने और माथे पर एक के बाद एक कई गंभीर वार किए। चाकू के इन ताबड़तोड़ हमलों से गौरव लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ा और गंभीर घायल हो गया। घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद उसके दोस्त अंशुल, आलोक और सत्यम ने गौरव को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंयाया। जहां पर डाक्टरों ने हालत को देखते हुए भरती कर लिया। खबर मिलते ही पुलिस पहुंच गई और पूछताछ के बाद प्रकरण दर्ज कर आरोपी गन्नू पटेल की तलाश शुरु कर दी है।
जबलपुर में प्रापर्टी ब्रोकर पर बदमाश ने किया प्राणघातक हमला, दमोहनाका क्षेत्र में घटना
प्रेषित समय :18:07:13 PM / Mon, Aug 31st, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर


