जबलपुर। एमपी के जबलपुर में आबकारी विभाग ने अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 6 लाख 20 हजार 500 रुपए की शराब और बोलेरो वाहन जब्त किया है। मुखबिर की सूचना पर सोमवार को तिलवारा रोड पर कार्रवाई की गई। टीम ने पीछा कर बोलेरो को कटंगा तिराहा स्थित आइडियल टावर के पास रोक लिया और कटनी निवासी दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
आबकारी अधिकारियों के अनुसार, टीम को तिलवारा रोड के रास्ते बोलेरो से अवैध शराब ले जाने की सूचना मिली थी। आबकारी कंट्रोलर के नेतृत्व में टीम ने तिलवारा घाट से संदिग्ध वाहन का पीछा शुरू किया। चालक टीम को चकमा देने के लिए लगातार रास्ता बदल रहा था। अंधमूक बायपास पर टीम ने बोलेरो को रोकने की कोशिश की। इस पर चालक ने गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी और भागने का प्रयास किया। चालक के भागने की कोशिश के बाद आबकारी की दूसरी टीम ने कटंगा तिराहा स्थित आइडियल टावर के पास अपनी गाड़ी आगे अड़ा दी। इसके बाद बोलेरो को रोक लिया गया। तलाशी लेने पर वाहन में 33 पेटियां मिलीं। इनमें 2 पेटियां खाली थीं, जबकि 31 पेटियों में 1550 पाव देसी शराब मिली।
1550 पाव देशी शराब मिली, कीमत 6.20 लाख-
जब्त शराब की मात्रा करीब 279 बल्क लीटर है। इसमें देसी मसाला और प्लेन शराब शामिल है। शराब और परिवहन में इस्तेमाल बोलेरो की कुल अनुमानित कीमत 6 लाख 20 हजार 500 रुपए आंकी गई है।
कटनी के 2 आरोपी गिरफ्तार, आबकारी एक्ट में केस-
मौके से कटनी निवासी सोनू चौधरी और साहिल केवट को गिरफ्तार किया गया। दोनों के खिलाफ मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 (संशोधन 2000) की धारा 34(1)क और 34(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उन्हें जल्द ही संबंधित न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
जबलपुर में पकड़े गए कटनी के दो अवैध कारोबारी, आबकारी टीम ने बुलेरो गाड़ी से पकड़ी 6 लाख रुपए की शराब
प्रेषित समय :16:16:36 PM / Mon, Aug 31st, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर




