नई दिल्ली. मेडिटेरेनियन सागर में रविवार को बड़ा हादसा हो गया. उत्तरी साइप्रस के तट से तुर्किये के लिए रवाना हुई एक फेरी समुद्र में पलट गई. हादसे के वक्त फेरी में 270 से ज्यादा यात्री सवार थे. तुर्किये की मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हादसे में अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 24 यात्री अभी लापता बताए जा रहे हैं.
उत्तरी साइप्रस के प्रधानमंत्री उनाल उस्तेल के अनुसार, राहत और बचाव अभियान के दौरान 237 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है. कई यात्रियों ने पलट चुकी फेरी के ऊपर चढ़कर अपनी जान बचाई.
रवाना होने के 15 मिनट बाद भरने लगा पानी
जानकारी के मुताबिक, फेरी खराब मौसम के बीच उत्तरी साइप्रस के काइरेनिया पोर्ट से रवाना हुई थी. करीब 15 मिनट बाद फेरी में पानी भरना शुरू हो गया, जिसके बाद वह समुद्र में पलट गई. हादसे की सूचना मिलते ही रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंचीं और समुद्र में फंसे यात्रियों की तलाश शुरू कर दी गई. लापता यात्रियों को खोजने के लिए अभियान लगातार जारी है.
साइप्रस तट से करीब 7.5 किलोमीटर दूर हादसा
तुर्किये की मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हादसा उत्तरी साइप्रस के तट से करीब 7.5 किलोमीटर दूर हुआ. फेरी कैटामरैन शैली की थी और उत्तरी साइप्रस के काइरेनिया पोर्ट से तुर्किये के मर्सिन प्रांत स्थित तासुकु पोर्ट जा रही थी. कैटामरैन ऐसी नाव या फेरी होती है, जिसमें नीचे दो समानांतर हुल होते हैं. इस डिजाइन से सामान्य परिस्थितियों में नाव को अधिक स्थिरता मिलती है. हालांकि, बेहद खराब मौसम, तेज हवाओं और ऊंची समुद्री लहरों में ऐसी फेरी भी पलट सकती है. अधिक यात्री या सामान होने से भी जोखिम बढ़ सकता है. फेरी के पलटने के बाद यात्रियों को सुरक्षित निकालना चुनौतीपूर्ण हो जाता है. फिलहाल बचाव दल लापता लोगों की तलाश में जुटा हुआ है और हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

