बैंक खाते किराए पर देकर 2.32 करोड़ की साइबर ठगी: बिलासपुर पुलिस ने दर्ज किया मामला

बैंक खाते किराए पर देकर 2.32 करोड़ की साइबर ठगी: बिलासपुर पुलिस ने दर्ज किया मामला

प्रेषित समय :17:31:40 PM / Tue, Sep 1st, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

बिलासपुर. साइबर अपराधियों को किराए पर बैंक खाते उपलब्ध कराकर करोड़ों रुपये के संदिग्ध लेनदेन का बड़ा मामला सामने आया है. बिलासपुर रेंज साइबर थाना पुलिस ने मंगला स्थित छत्तीसगढ़ ग्रामीण बैंक की मैनेजर आरती कुरील की शिकायत पर दो अलग-अलग मामलों में एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. जांच के दौरान सांवरिया एंटरप्राइजेस और अजय फार्म हाउस नाम से संचालित दो खातों में लगभग 2.32 करोड़ रुपये के संदिग्ध वित्तीय लेनदेन की बात उजागर हुई है.

बैंक प्रबंधन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, निपनिया गांव के निवासी 23 वर्षीय राजकुमार धाकड़ के नाम पर सांवरिया एंटरप्राइजेस का खाता खोला गया था. इस खाते में 22 मई से 3 जून 2026 के बीच ही 12 लाख 11 हजार रुपये से अधिक का संदिग्ध लेन-देन दर्ज किया गया. जांच में यह भी सामने आया है कि सांवरिया एंटरप्राइजेस के नाम पर ही व्यापार विहार शाखा में अमृत लाल जाट नाम के व्यक्ति ने भी खाता खुलवाया था.

पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि आम लोगों को पैसों का लालच देकर उनके नाम पर चालू (करंट) खाते खुलवाए गए और फिर उन्हें साइबर ठगों को सौंप दिया गया. साइबर अपराधी इन खातों का इस्तेमाल देशभर में ठगे गए पैसों को घुमाने और ट्रांसफर करने के लिए कर रहे थे. पुलिस फिलहाल दोनों खाताधारकों, बैंक प्रतिनिधियों और इस नेटवर्क के मुख्य सरगनाओं की तलाश में जुटी हुई है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-