जबलपुर. एमपी के जबलपुर में बारिश के बीच डेंगू, मलेरिया व चिकनगुनिया का खतरा बढ़ गया है. बीते दो दिनों में डेंगू के 5, चिकनगुनिया के 2 और मलेरिया का 1 नया मरीज मिला है. नए केस सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में घर-घर सर्वे शुरू कर दिया है.
बताया गया है कि अब तक डेंगू के 54, चिकनगुनिया के 33 और मलेरिया के 7 मरीज सामने आ चुके हैं. करीब एक महीने पहले तक डेंगू के 30, चिकनगुनिया के 21 और मलेरिया के 3 मरीज थे. डेंगू के नए मरीज पाटन, पनागर, निगरी, गढ़ा और मेडिकल कॉलेज क्षेत्र में मिले हैं. वहीं अंसार नगर (मदार टेकरी) की 11 वर्षीय बच्ची में मलेरिया की पुष्टि हुई है. मरीज मिलने वाले इलाकों में मलेरिया विभाग और नगर निगम की टीमें सर्वे के साथ कीटनाशक का छिड़काव कर रही हैं. अस्पतालों की ओपीडी में मरीजों की भीड़ रही. जिला अस्पताल विक्टोरिया, नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज, रांझी अस्पताल समेत निजी अस्पतालों में बुखार, उल्टी-दस्त और मौसमी बीमारियों से पीडि़त मरीज बड़ी संख्या में पहुंचे. जिला अस्पताल में रोजाना 500 से ज्यादा मरीज पहुंच रहे हैं.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

