नई दिल्ली. वर्ष 2019 में पाकिस्तानी वायुसेना के उन्नत F-16 लड़ाकू विमान को मार गिराकर राष्ट्रीय नायक बने भारतीय वायुसेना (IAF) के ग्रुप कैप्टन अभिनंदन वर्धमान ने भारतीय वायुसेना से सेवानिवृत्ति ले ली है. सूत्रों के अनुसार, उन्होंने सिविल एविएशन क्षेत्र में अपनी नई पारी की शुरुआत करते हुए गोवा स्थित क्षेत्रीय एयरलाइन 'Fly91' को बतौर कमर्शियल पायलट जॉइन कर लिया है.
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अभिनंदन ने अगस्त महीने में इस नई भूमिका में काम करना शुरू किया है. हालांकि, एयरलाइन के प्रवक्ता ने कर्मचारियों की गोपनीयता का हवाला देते हुए उनके पद और जिम्मेदारियों पर कोई भी आधिकारिक बयान देने से इनकार किया है. मार्च 2024 में शुरू हुई 'Fly91' एयरलाइन मुख्य रूप से गोवा और हैदराबाद से अपने विमानों का परिचालन करती है.
बालाकोट एयरस्ट्राइक और शौर्य गाथा
14 फरवरी 2019 के पुलवामा आतंकी हमले के जवाब में भारत ने 26 फरवरी को पाकिस्तान के बालाकोट में एयरस्ट्राइक की थी. अगले दिन (27 फरवरी) जब पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों ने भारतीय सीमा का उल्लंघन करने की कोशिश की, तब तत्कालीन विंग कमांडर अभिनंदन ने मिग-21 बाइसन से उड़ान भरकर अदम्य साहस का परिचय दिया और हवाई मुठभेड़ में पाकिस्तान के अत्याधुनिक F-16 जेट को मार गिराया.
वीर चक्र से हुए थे सम्मानित
उस दौरान विमान क्षतिग्रस्त होने के कारण अभिनंदन का पैराशूट पाकिस्तान के कब्जे वाले इलाके में गिरा, जहां उन्हें हिरासत में ले लिया गया. हालांकि, भारत के कड़े कूटनीतिक दबाव के बाद पाकिस्तान को 60 घंटे के भीतर उन्हें सुरक्षित रिहा करना पड़ा था. उनके इस अदम्य साहस और देश सेवा के लिए भारत सरकार ने उन्हें 2021 में 'वीर चक्र' से अलंकृत किया और बाद में उन्हें ग्रुप कैप्टन के पद पर पदोन्नत किया गया था.

