जबलपुर. एमपी के जबलपुर में नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने नगर निगम के तीन प्रमुख विभागों राजस्व, बाजार और जल विभाग की एक विस्तृत समीक्षा बैठक ली. बैठक के दौरान निगमायुक्त ने तीनों विभागों के अंतर्गत चल रहे विकास कार्यों, कर वसूली की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली.
बैठक में निगमायुक्त ने जल विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहर में जितने भी अवैध नल कनेक्शन हैं, उन्हें अभियान चलाकर नियमानुसार वैध किया जाए. इससे न केवल अवैध जल आपूर्ति पर रोक लगेगी, बल्कि नागरिकों को वैध कनेक्शन के माध्यम से निर्बाध जल आपूर्ति का लाभ भी मिल सकेगा. इसके साथ ही, आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत की तैयारियों की समीक्षा करते हुए निगमायुक्त ने राजस्व विभाग को विशेष दिशा-निर्देश दिए.
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि लोक अदालत के आयोजन से पूर्व अधिक से अधिक करदाताओं को बकाया कर संपत्ति कर, जल कर एवं अन्य करों को जमा करने के लिए जागरूक किया जाए, ताकि नागरिक शासन द्वारा दी जाने वाली छूट एवं राहत का अधिकतम लाभ उठा सकें. निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने स्पष्ट किया कि निगम का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को बेहतर जनसुविधाएं प्रदान करना और राजस्व संग्रह को पारदर्शी व प्रभावी बनाना है.
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए.कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ लक्ष्य प्राप्त करने और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए. इस अवसर पर अपर आयुक्त, देवेंद्र सिंह चौहान, सौरभ मिश्रा, अशफाक परवेज कुरैशी, उपायुक्त श्रीमती शिवांगी महाजन, अंकिता जैन एवं सभी विभागीय प्रमुख आदि उपस्थित रहें.
Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-

