इंदौर में फर्जी IAS गिरफ्तार: होटल में धौंस जमाकर बोला- 'PA बिल देगा', नेमप्लेट पर लिखा था कलेक्टर

इंदौर में फर्जी IAS गिरफ्तार: होटल में धौंस जमाकर बोला-

प्रेषित समय :17:23:00 PM / Thu, Sep 3rd, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

इंदौर. मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर की लसूडिया थाना पुलिस ने एक युवक को फर्जी आईएएस (IAS) अधिकारी और जिला कलेक्टर बनकर लोगों पर धौंस जमाने के आरोप में गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान 28 वर्षीय हिमांशु पांचाल के रूप में हुई है, जो मूल रूप से अहमदाबाद (गुजरात) का रहने वाला है और इंदौर की ओमैक्स सिटी-1 में किराए का मकान लेकर रह रहा था.

होटल में बिल न चुकाने पर खुला राज
इस फर्जीवाड़े का पर्दाफाश तब हुआ जब आरोपी शहर के एक प्रतिष्ठित होटल में भोजन करने पहुंचा. बिल चुकाने के समय उसने होटल स्टाफ पर रौब झाड़ते हुए कहा कि उसका पर्सनल असिस्टेंट (PA) आकर भुगतान कर देगा. उसने रजिस्टर में अपना नाम 'राज सोनी' दर्ज कराया था. आरोपी के हाव-भाव संदिग्ध लगने पर होटल प्रबंधन ने पुलिस को सूचित किया.

पूछताछ में खुली पोल, घर पर मिली नेमप्लेट
मौके पर पहुंची पुलिस ने जब आरोपी से उसकी पोस्टिंग और बैच से जुड़े प्रशासनिक सवाल पूछे, तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका. कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने अपना असली नाम कबूल कर लिया. पुलिस ने जब उसके किराए के मकान की तलाशी ली, तो मुख्य द्वार पर ‘IAS राज सोनी, जिला कलेक्टर’ लिखी नेमप्लेट और अंदर 'सत्यमेव जयते' लिखा फोटो फ्रेम बरामद हुआ.

पहले भी दर्ज है धोखाधड़ी का मामला
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी पहले अहमदाबाद में एक आईटी कंपनी में कार्यरत था. लसूडिया थाना पुलिस ने उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 204 के तहत मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है. आरोपी के खिलाफ गुजरात के अडालज थाने में भी धोखाधड़ी का मामला दर्ज है. पुलिस अब यह जांच कर रही है कि उसने फर्जी पहचान के जरिए कितने लोगों को ठगा है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-