ग्वालियर. मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के डबरा (जंगीपुरा क्षेत्र) में बुधवार देर रात मूसलाधार बारिश के चलते एक दोमंजिला कच्चे मकान की छत ढह गई. इस दर्दनाक हादसे में मलबे में दबने से मां और उसके दो वर्षीय मासूम बेटे की जान चली गई, जबकि परिवार के तीन अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए.
घटना रात करीब 11:30 बजे की है. मकान गिरते ही आसपास के लोगों और पुलिस प्रशासन ने राहत व बचाव कार्य शुरू कर मलबे में दबे परिवार को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया.
अस्पताल में हंगामा और जांच का आश्वासन
हादसे में 33 वर्षीय सीमा रजक और उनके 2 वर्षीय बेटे आदित्य की मौत हो गई. वहीं, सीमा के पति जागेंद्र रजक (38) और उनकी दो बेटियों—वैशाली (5) एवं रागिनी (8)—का इलाज ग्वालियर के अस्पताल में जारी है. घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया. मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों (SDM और SDOP) ने परिजनों को सांत्वना दी, मामले की जांच कराने और पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता प्रदान करने का आश्वासन दिया.
15 साल से किराये पर रह रहा था परिवार
पीड़ित परिवार बेहद कमजोर आर्थिक स्थिति का है. जागेंद्र ग्वालियर की एक जूता फैक्ट्री में काम करते हैं, जबकि उनकी पत्नी घरों में झाड़ू-पोंछा करती थीं. यह परिवार बीते 15 वर्षों से इस जर्जर मकान में किराये पर रह रहा था. हादसे के समय जागेंद्र की दो अन्य बेटियां अपने चाचा के घर पर थीं, जिससे वे सुरक्षित बच गईं.

