जबलपुर. एमपी के जबलपुर में खराब सड़कों और बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया. कार्यकर्ताओं ने डॉ. भीमराव अंबेडकर चौराहे से घमापुर और रद्दी चौकी मार्ग तक पैदल मार्च निकाला.
बताया गया है कि प्रदर्शन की अगुवाई कांग्रेस पार्षद दल के अमरीश मिश्रा और शहर कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ शर्मा ने की. कार्यकर्ताओं ने बदहाल सड़कों के विरोध में सड़क पर झाड़ू लगाई और धूल जमा कर नारेबाजी की. कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि महज एक साल पहले बनी सड़कें पहली ही बारिश में उखड़कर गड्ढों में तब्दील हो गई हैं. तीन-तीन साल की गारंटी वाली सड़कों का यह हाल निर्माण की खराब गुणवत्ता और बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार की ओर इशारा करता है.
नेताओं ने कहा कि होर्डिंग्स और पोस्टरों के जरिए विकास के झूठे दावे किए जा रहे हैं, जबकि धरातल पर स्थिति इसके बिल्कुल उलट है. कांग्रेस पार्षद दल ने चेतावनी दी कि नगर निगम में व्याप्त कमीशनखोरी और भ्रष्टाचार के खिलाफ आंदोलन जारी रहेगा. उन्होंने कहा कि जनता के टैक्स का पैसा खराब निर्माण कार्यों के कारण बर्बाद हो रहा है. कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जब तक जिम्मेदार ठेकेदारों और अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक कांग्रेस सदन से सड़क तक संघर्ष करेगी.

