चित्रकोट: दंडामी लक्जरी रिसॉर्ट की फर्जी वेबसाइट बनाकर ठगी, बुकिंग के नाम पर वसूले पैसे, FIR दर्ज

चित्रकोट: दंडामी लक्जरी रिसॉर्ट की फर्जी वेबसाइट बनाकर ठगी, बुकिंग के नाम पर वसूले पैसे, FIR दर्ज

प्रेषित समय :14:56:34 PM / Fri, Sep 4th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

रायपुर. छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल बस्तर स्थित चित्रकोट के 'दंडामी लक्जरी रिसॉर्ट' के नाम पर पर्यटकों से ऑनलाइन धोखाधड़ी का मामला सामने आया है. शातिर साइबर ठगों ने छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल की आधिकारिक साख का इस्तेमाल करते हुए रिसॉर्ट की एक फर्जी वेबसाइट (क्लोन) तैयार की और कमरे बुक करने के नाम पर लोगों से अग्रिम राशि वसूल ली. पर्यटन मंडल की लिखित शिकायत पर तेलीबांधा थाना पुलिस ने अज्ञात ठगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

गूगल सर्च के जरिए बिछाया जाल
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, जालसाजों ने फर्जी वेबसाइट को इस तरह डिजाइन किया था कि वह हूबहू पर्यटन मंडल की आधिकारिक वेबसाइट जैसी दिखे. इसमें मंडल के आधिकारिक लोगो, रिसॉर्ट के कमरों की असली तस्वीरों और वरिष्ठ अधिकारियों के पदनामों का दुरुपयोग किया गया था. सर्च इंजन (गूगल) पर रिसॉर्ट तलाशने वाले पर्यटक आसानी से इस फर्जी वेबसाइट का शिकार बन रहे थे.

रिसॉर्ट पहुंचने पर खुली पोल
ठगी का खुलासा तब हुआ जब एडवांस भुगतान कर बुकिंग कराने वाले पर्यटक चित्रकोट स्थित रिसॉर्ट पहुंचे. वहां प्रबंधन से जांच कराने पर पता चला कि उनके नाम की कोई बुकिंग दर्ज ही नहीं है. इसके बाद पीड़ित पर्यटकों ने पर्यटन मंडल से संपर्क किया.

मामले की गंभीरता को देखते हुए छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल ने डिजिटल साक्ष्य और संदिग्ध नंबर जुटाकर तेलीबांधा थाने में शिकायत सौंपी. जांच के बाद पुलिस ने तीन मोबाइल नंबरों के धारकों को संदिग्ध आरोपी बनाते हुए साइबर सेल की मदद से मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-