सोनिया गांधी की आत्मकथा- बिलॉन्गिंग:ए जर्नी ऑफ लव, हार्पर कॉलिन्स प्रकाशित करेगा, 10 नवंबर को रिलीज होगी बुक

सोनिया गांधी की आत्मकथा- बिलॉन्गिंग:ए जर्नी ऑफ लव, हार्पर कॉलिन्स प्रकाशित करेगा, 10 नवंबर को रिलीज होगी बुक

प्रेषित समय :15:25:21 PM / Fri, Sep 4th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

नई दिल्ली. कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की आत्मकथा बिलॉन्गिंग:ए जर्नी ऑफ लव को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है. अब इस किताब को भारत में हार्पर कॉलिन्स प्रकाशित करेगा. इससे पहले पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया ने इस किताब को भारत में छापने से इनकार कर दिया था.

दरअसल, पेंगुइन की तरफ सोनिया गांधी की किताब की पांडुलिपि के कुछ हिस्सों में कुछ बदलाव की मांग की थी. कुछ हिस्सों को हटाने का भी सुझाव दिया था.लेकिन सोनिया गांधी ने किताब में किसी भी तरह के बदलाव करने मना कर दिया था.

अपनी किताब में किसी तरह का संशोधन नहीं चाहती थीं सोनिया गांधी

सोनिया गांधी का कहना था कि यह किताब उनके जीवन की कहानी है. वह इसमें ऐसा कोई संशोधन नहीं चाहती हैं, जिससे तथ्यों या उनके दृष्टिकोण का रूप बिगड़े. इसके बाद उनकी पेंगुइन इंडिया के साथ डील रद्द हो गई. हालांकि, सोनिया गांधी की किताब का इंटरनेशनल संस्करण अल्फ्रेड ए. नॉफ प्रकाशित कर रहा है,जो जो पेंगुइन रैंडम हाउस का ही हिस्सा है.

कांग्रेस ने पेंगुइन पर राजनीतिक दबाव के चलते झुकने का आरोप लगाया था

पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया द्वारा इस किताब को छापने से मना करने के बाद कांग्रेस नेताओं ने इस कदम को राजनीतिक दबाव और अभिव्यक्ति की आजादी पर हमला करार दिया था. हालांकि, विवाद बढ़ने के बाद पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया ने बयान जारी कर कहा था कि उस पर किसी तरह का राजनीतिक दबाव नहीं था. उन्होंने केवल उनके सुझाए गए बदलावों को नहीं मानने के कारण अपने हाथ पीछे खींचे थे.

पेंगुइन ने अपने बयान में क्या कहा था?

पेंगुइन ने अपने बयान में कहा था कि तथ्यों की जांच और संपादकीय सुझाव देना किसी भी प्रकाशक की सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा है और वे किताब छापने के इच्छुक थे. हालांकि, उन्होंने गोपनीयता का हवाला देते हुए इसको लेकर अन्य विस्तृत जानकारी देने से मना कर दिया था.

हार्परकॉलिन्स ट्वीट कर किताब के प्रकाशन को लेकर दी जानकारी

हार्परकॉलिन्स ने अपने एक्स में पर पोस्ट किए गए एक ट्वीट पर लिखा है कि हार्परकॉलिन्स इंडिया सोनिया गांधी की किताब बिलॉन्गिंग:ए जर्नी ऑफ लव को पब्लिश करेगा. लंबे समय से इंतजार की जा रही यह आत्मकथा भारत में 10 नवंबर 2026 को पब्लिश होगी. हमारे समय की सबसे ज्यादा इंतजार की जाने वाली राजनीतिक आत्मकथाओं में से एक प्यार, पहचान, कर्तव्य और अपनापन महसूस करने की एक रोमांचक और बेहद निजी कहानी है. यह भारत की यात्रा को अंदर से देखने का एक अनोखा नजरिया भी पेश करती है.
 

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-