दुकानदार की गर्दन पर चाकू अड़ाकर मांगे एक हजार रुपये, नाबालिग को लोगों ने दबोचा

दुकानदार की गर्दन पर चाकू अड़ाकर मांगे एक हजार रुपये, नाबालिग को लोगों ने दबोचा

प्रेषित समय :16:23:42 PM / Sat, Sep 5th, 2026
Reporter : पलपल रिपोर्टर

जबलपुर. न्यू शास्त्रीनगर में देर रात किराना दुकान संचालक के साथ दो नाबालिगों ने चाकू की नोक पर लूटपाट का प्रयास किया. दुकान से बीड़ी का बंडल लेने पहुंचे दोनों किशोरों ने पहले सामान लिया और पैसे मांगने पर विवाद शुरू कर दिया. आरोप है कि इसके बाद दोनों ने शराब और मुर्गा खरीदने के लिए एक हजार रुपये की मांग की. दुकानदार के विरोध करने पर एक किशोर ने चाकू निकालकर उसकी गर्दन पर अड़ा दिया. दुकानदार ने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और एक नाबालिग को पकड़ लिया, जबकि दूसरा धमकी देते हुए भाग निकला. सूचना मिलने पर तिलवारा पुलिस मौके पर पहुंची और पकड़े गए किशोर को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू की.

पुलिस के अनुसार न्यू शास्त्रीनगर निवासी अनिल निराकुरे किराना दुकान चलाते हैं. शुक्रवार रात करीब 12 बजे वह अपनी दुकान पर मौजूद थे. इसी दौरान बड़ा पत्थर क्षेत्र में रहने वाला एक नाबालिग अपने साथी के साथ मोटरसाइकिल से दुकान पर पहुंचा. दोनों ने बीड़ी का बंडल मांगा. दुकानदार ने बीड़ी का बंडल दे दिया. जब उसने सामान के पैसे मांगे तो दोनों किशोर अपशब्द कहने लगे और शराब पीने तथा मुर्गा खरीदने के लिए एक हजार रुपये मांगने लगे.

अनिल के अनुसार वह स्थिति को समझने के लिए दुकान से बाहर आए. इसी दौरान एक किशोर ने चाकू निकाल लिया और उनकी गर्दन पर लगा दिया. अचानक चाकू गर्दन पर रखे जाने से दुकानदार घबरा गया और उसने मदद के लिए शोर मचा दिया. आवाज सुनकर आसपास रहने वाले वीरेंद्र सिंह और राहुल कटारे वहां पहुंचे. दोनों ने हस्तक्षेप कर दुकानदार को बचाया और एक किशोर को पकड़ लिया. इसी बीच दूसरा किशोर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गया.

पुलिस के मुताबिक चाकू लगने से दुकानदार की गर्दन में चोट आई है. घटना के बाद आसपास के लोगों में भी आक्रोश रहा. देर रात दुकान पर पहुंचे दो किशोरों द्वारा सामान लेने के बाद पैसे देने के बजाय दुकानदार से शराब और मुर्गे के लिए रुपये मांगने तथा विरोध करने पर चाकू दिखाने की घटना ने इलाके में सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े किए हैं.

तिलवारा पुलिस ने घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर पकड़े गए नाबालिग को हिरासत में लिया. पुलिस दूसरे किशोर की तलाश कर रही है. घटनाक्रम को लेकर दुकानदार के बयान के आधार पर कार्रवाई की जा रही है. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि घटना में इस्तेमाल चाकू कहां से आया और दोनों किशोर घटना से पहले कहां थे. मामले में फरार किशोर की पहचान और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं.

Source : palpalindia ये भी पढ़ें :-